रतलाम से शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब बोधि इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा 8 के छात्र ने तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की। जमाना बदल रहा है। पहले जहां माता-पिता की ताड़ना से बच्चे डरे रहते थे, अब वही बच्चे किसी बात पर ऐसा कदम उठा लेते हैं, जिसका अनुमान लगाना मुश्किल है। ऐसा ही एक मामला रतलाम से सामने आया है। शुक्रवार सुबह बोधि इंटरनेशनल स्कूल के आठवीं कक्षा के छात्र ने यह कदम उठाया।
क्या हुआ ?
घटना सुबह लगभग 10 बजे की है। छात्र आसाराम बापू नगर का रहने वाला है। बताया गया कि छात्र मोबाइल फोन लेकर स्कूल आया था, जिसे स्टाफ ने देख लिया। मामला प्रिंसिपल तक पहुंचा, जिन्होंने छात्र और उसके परिजनों को बातचीत के लिए बुलाया। बातचीत के दौरान छात्र अचानक वहां से भागा और सीधे तीसरी मंजिल से कूद गया।
उसकी इस कोशिश से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल स्टाफ ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर इलाज में जुटे हैं।

चोटें और इलाज
हादसे में छात्र के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं और सिर व चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। पहले उसे नजदीकी निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार मिला, फिर 80 फीट रोड स्थित दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी एमआरआई और अन्य जांचें जारी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और परिचित डॉक्टर भी अस्पताल पहुंचे।
माता-पिता की प्रतिक्रिया
छात्र की मां ने कहा कि उनका बेटा स्केटिंग खिलाड़ी है। स्कूल से फोन आया, फिर पति ने अस्पताल आने के लिए कहा, लेकिन घटना की सही जानकारी नहीं मिली। हादसे के समय पति स्कूल में मौजूद थे।
पिता ने बताया कि बेटा नियमित स्कूल जाता था। स्कूल पहुंचने पर पता चला कि बच्चा कूद गया है। स्कूल स्टाफ की कार से उसे अस्पताल लाया गया। पिता अभी यह नहीं समझ पाए कि उन्हें क्यों बुलाया गया था और अब प्रबंधन से पूरी जानकारी लेंगे।
