भगवा पार्टी ने तेज किया संगठन विस्तार, राजकुमार पटेल को मिली अहम जिम्मेदारी
संवाददाता – मदन मोहन मिश्रा
अनूपपुर। भारतीय गणवार्ता पार्टी (भगवा पार्टी) ने आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन विस्तार की गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 10, परसवार निवासी राजकुमार पटेल को युवा मोर्चा किसान संगठन का अनूपपुर जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं कार्यालय प्रभारी विनोद कुमार पाण्डेय ने उनका नियुक्ति-पत्र जारी किया।
पार्टी के जिला प्रवक्ता धर्मेंद्रकांत तिवारी के अनुसार, प्रदेश कार्यकारिणी की अनुशंसा पर यह नियुक्ति की गई है। जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्रा के माध्यम से राजकुमार पटेल को नियुक्ति-पत्र सौंपा गया। उन्हें जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को पार्टी के संविधान और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित करने तथा कार्यों की जानकारी संबंधित पार्टी कार्यालयों को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्रा ने राजकुमार पटेल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। युवा और किसान वर्ग को संगठन से जोड़ना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों से जुड़े मुद्दों को भी संगठन के स्तर पर प्रमुखता से उठाने की बात कही गई।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजकुमार पटेल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने तथा युवा एवं किसान वर्ग को जोड़ने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
राजकुमार पटेल की नियुक्ति पर पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
