श्री शांतिनाथ महामंडल विधान पूजन का हुआ शुभारंभ, 2 लाख 51 हजार मंत्र जाप का लिया संकल्प; सामूहिक वात्सल्य भोज में उमड़े समाजजन
मंडलेश्वर। श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर जी मंडलेश्वर में मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार एवं नवीन वेदी निर्माण कार्य के अंतर्गत 12 नवंबर को अस्थायी नवीन वेदी का भव्य शिलान्यास धार्मिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। परम पूज्य आर्यिका श्री 105 लक्ष्मी भूषण माताजी ससंघ के मंगल सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ सहभागिता की।
वर्षायोग 2026 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में आदरणीय ब्रह्मचारी चिद्रूप भैयाजी के प्रतिष्ठाचार्यत्व तथा आदरणीय ब्रह्मचारिणी रिम्पी दीदी के मार्गदर्शन एवं कुशल नेतृत्व में शिलान्यास की संपूर्ण धार्मिक प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और धर्ममय वातावरण बना रहा।
शिलान्यास समारोह में मुख्य शिलान्यासकर्ता बनने का सौभाग्य वर्षायोग संयोजक समीर जैन एवं महामंत्री मनोज कुमार जैन को प्राप्त हुआ। दोनों ने विधि-विधानपूर्वक मुख्य शिला स्थापित कर नवीन वेदी निर्माण कार्य का मंगल शुभारंभ किया। वहीं पंच परमेष्ठी शिला स्थापित करने का पुण्यार्जन मंदिर समिति अध्यक्ष रक्षित जैन, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र जैन, मुनि सेवा समिति के नयन जैनी, विनोद जैन एवं सुश्री सुजाता जीजी को प्राप्त हुआ।
शिलान्यास की पावन प्रक्रिया के दौरान पंचरत्न, दीपक एवं स्वास्तिक स्थापित करने का सौभाग्य अजित जैन, सफल जैन, प्रकाश धनोते, शशि जैन एवं महावीर बाकलीवाल को प्राप्त हुआ। सभी ने धार्मिक परंपराओं के अनुरूप अनुष्ठान में सहभागिता कर मंदिर के जीर्णोद्धार एवं नवीन वेदी निर्माण कार्य के निर्विघ्न संपन्न होने की मंगल कामना की।
27 नवंबर तक होगा श्री शांतिनाथ महामंडल विधान
मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला के अंतर्गत 12 नवंबर से 27 नवंबर तक प्रतिदिन श्री शांतिनाथ महामंडल विधान पूजन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु नियमित रूप से विधान पूजन में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे। इसके साथ ही विश्व में शांति, सुख-समृद्धि, सद्भावना एवं समस्त जीवों के कल्याण की पवित्र भावना से दो लाख इक्यावन हजार मंत्र जाप करने का संकल्प भी लिया गया है।
गुरुवार को आयोजित श्री शांतिनाथ महामंडल विधान पूजन के पुण्यार्जक बनने का सौभाग्य महेंद्र जैन पत्रकार एवं बसंत कुमार जैन झिलमिल परिवार को प्राप्त हुआ। दोनों पुण्यार्जक परिवारों ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ विधान पूजन में सहभागिता की और भगवान के समक्ष मंगल भावनाएं व्यक्त कीं।
मंदिर जी के शीघ्र जीर्णोद्धार की मंगल कामना
इस अवसर पर उपस्थित धर्मप्रेमी बंधुओं एवं समाजजनों ने भगवान के चरणों में श्रीफल अर्पित कर मंदिर के जीर्णोद्धार तथा नवीन वेदी निर्माण कार्य के शीघ्र एवं निर्विघ्न पूर्ण होने की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को समाज में धर्म, एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला बताया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाजजनों के सामूहिक सहयोग एवं स्वसहयोग से भव्य स्वामी वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी बंधुओं ने प्रेमपूर्वक सहभागिता कर सामूहिक वात्सल्य एवं सामाजिक समरसता का परिचय दिया।
मंदिर के जीर्णोद्धार एवं नवीन वेदी निर्माण को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना का संदेश दिया। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी संयम जैन द्वारा दी गई।
