सारंगपुर के नेहरू उद्यान में ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से आयोजित किया जयंती समारोह, नेताओं ने नेहरू के आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चलने का लिया संकल्प
सारंगपुर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर नगर के हॉस्पिटल रोड स्थित नेहरू उद्यान में ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धा और सम्मान के साथ जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर पंडित नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान वक्ताओं ने देश की आजादी, राष्ट्र निर्माण और आधुनिक भारत की नींव रखने में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने नेहरू के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर अपने विचार रखे। सभी ने उनके आदर्शों को अपनाने और देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।
दूरदर्शी विचारक और आधुनिक भारत के शिल्पी थे नेहरू
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश सोमानी ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि दूरदर्शी विचारक और आधुनिक भारत के शिल्पी थे। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप सादानी ने कहा कि नेहरू जी ने देश की आजादी के संघर्ष में अपना सर्वस्व न्योछावर किया। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए।
धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक समरसता को दिया महत्व
वरिष्ठ नेता मोहम्मद अली ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पंडित नेहरू ने धर्मनिरपेक्षता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। यही मूल्य भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता शफीक अंसारी ने कहा कि नेहरू जी के बताए मार्ग पर चलकर ही देश को विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।
शिक्षा, विज्ञान और उद्योगों के विकास में रहा अहम योगदान
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, बड़े उद्योगों, सिंचाई परियोजनाओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं के विकास को विशेष महत्व दिया गया। उन्होंने देश को वैज्ञानिक सोच और आधुनिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया।
वक्ताओं ने बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी कारण उनके जन्मदिन 14 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष आबिद हुसैन लोदी ने किया। अंत में युवक कांग्रेस नगर अध्यक्ष लखन राजपूत ने सभी अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ओ.पी. विजयवर्गी, अशोक राठी, प्रमोद सदानी, शोएब हसन राही, राधेश्याम काका, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष इरफान अली, घनश्याम मालवीय, अभय सिसोदिया, गफ्फार मंसूरी, गौरव शर्मा, खलील खान, बालू सिंह सोलंकी, आशिक मंसूरी, राधेश्याम वर्मा, सोनू मिश्रा, हसीब खान, कैलाश ठाकुर, सुमित सोनी, मुस्ताक अंसारी, अखिलेश राठी, दौलत राम पुष्पक, फरमान मंसूरी, लक्ष्मी नारायण राठौर, तस्लीम कुरैशी, महेश सोनी और कान्हा अहिरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
