Narsinghpur जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, कैंसर पीड़ित बच्ची के इलाज के लिए 10 हजार की सहायता
संवाददाता : राम तिवारी
90 आवेदन मिले, 19 का मौके पर ही निराकरण; अधिकारियों को समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश
Narsinghpur। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसुनवाई में कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 19 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर संबंधित आवेदकों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए कलेक्टर ने समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कैंसर पीड़ित बच्ची के उपचार के लिए 10 हजार की सहायता
जनसुनवाई के दौरान श्रीधाम निवासी श्रीमती संतोष तिवारी ने अपनी बच्ची के कैंसर उपचार से संबंधित समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि बच्ची का उपचार मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से जारी है।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज के लिए मुंबई आने-जाने का खर्च जुटाना उनके लिए कठिन हो रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रजनी सिंह ने संवेदनशील पहल करते हुए रेडक्रास सोसायटी की ओर से यात्रा व्यय के लिए श्रीमती संतोष तिवारी को मौके पर ही 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।
सहायता मिलने के बाद परिवार को उपचार के सिलसिले में मुंबई आने-जाने में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश
जनसुनवाई में गाडरवारा निवासी मुन्ना कहार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन पर कलेक्टर ने सीएमओ गाडरवारा को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और पात्रता के आधार पर आवेदक को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

कृषि भूमि से अतिक्रमण हटाने के आवेदन पर तत्काल कार्रवाई
आवेदक मुकेश श्रीवास्तव ने कृषि भूमि से अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार नरसिंहपुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में नियमानुसार जांच कर समयसीमा में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नागरिकों की समस्याओं पर संवेदनशीलता से कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने राजस्व, आवास, स्वास्थ्य, भूमि विवाद, शासकीय योजनाओं सहित अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदकों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसकी प्रगति की निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशील निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित मामलों का जल्द समाधान करने के लिए विभागीय अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
