आर्यिका विजिज्ञासाश्री माताजी ससंघ का 20 नवंबर को मुरैना में मंगल प्रवेश, जैन समाज करेगा भव्य अगवानी
शुक्रवार को होगा नगर प्रवेश
Morena (मनोज जैन नायक)। समाधिस्थ गणाचार्य श्री 108 विरागसागर जी महाराज और पट्टाचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी महाराज की परम प्रभावक शिष्या आर्यिका श्री 108 विजिज्ञासाश्री माताजी ससंघ का शुक्रवार, 20 नवंबर को मुरैना नगर में मंगल प्रवेश होगा। संघ का मंगल आगमन सुबह 8:30 बजे श्री महावीर दिगंबर जैन नसियाजी जिनालय, फाटक बाहर, मुरैना में होगा। आर्यिका संघ के नगरागमन को लेकर जैन समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
भिंड में संपन्न हुआ वर्षायोग
पूज्य आर्यिका श्री विजिज्ञासाश्री माताजी ससंघ का इस वर्ष का वर्षायोग भिंड नगर में संपन्न हुआ। चार माह तक निरंतर धर्म प्रभावना, धार्मिक प्रवचनों और आध्यात्मिक गतिविधियों के बाद चातुर्मास निष्ठापन कर माताजी ससंघ ने मुरैना की ओर पदविहार शुरू किया। मार्ग में अतिशय क्षेत्र सिहोनिया जी पहुंचकर उन्होंने भगवान के दर्शन-वंदन किए। इसके बाद शुक्रवार को मुरैना नगर में मंगल प्रवेश होगा।
संघ में ये साध्वियां विराजमान
पूज्य माताजी के साथ आर्यिका श्री ब्राह्मीश्री माताजी और क्षुल्लिकाश्री शुभाश्री माताजी भी ससंघ विराजमान हैं। आर्यिका संघ की आहारचर्या श्री महावीर दिगंबर जैन नसियाजी जिनालय, मुरैना में होगी।
समाज से अगवानी में पहुंचने की अपील
श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर कमेटी ने सकल जैन समाज के पुरुषों, महिलाओं, बालक-बालिकाओं और धर्मप्रेमी बंधुओं से आग्रह किया है कि वे शुक्रवार सुबह 8:30 बजे पुल तिराहे पर पहुंचकर आर्यिका संघ की मंगल अगवानी करें और धर्मलाभ प्राप्त करें। कमेटी ने अपील की है कि सभी मिलकर नगर प्रवेश को मंगलमय और ऐतिहासिक बनाएं।
