मां नर्मदा तट पर स्वच्छता अभियान, सावित्री ठाकुर ने दिया जनभागीदारी का संदेश
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत सेमल्दा घाट पर श्रमदान, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर सहित जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता
Manawar। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मनावर विधानसभा के सिंघाना मंडल अंतर्गत सेमल्दा घाट पर स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर रहीं। विशेष अतिथि के रूप में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के संभाग समन्वयक डॉ. राज बरफा और भाजपा ग्रामीण धार जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मां नर्मदा मंदिर परिसर और सेमल्दा घाट पर श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
नर्मदा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद श्रमदान
कार्यक्रम से पहले अतिथियों ने मां नर्मदा मंदिर में दर्शन-पूजन एवं आरती की। इस दौरान विश्व कल्याण की प्रार्थना की गई। इसके बाद मंदिर परिसर और घाट क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।

स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि स्वच्छता किसी अभियान या पखवाड़े तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे जनभागीदारी के माध्यम से जीवनभर की आदत और जिम्मेदारी बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समाजहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ और बेहतर समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और ग्रामीण हुए शामिल
भाजपा ग्रामीण धार जिला मीडिया प्रभारी विजय राठौर सिंघाना ने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेंद्र परिहार, जिला मंत्री सदाशिव बरफा, जिला सह मीडिया प्रभारी अंकित शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य कपिल सोलंकी, गणेश जर्मन, नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार, सचिन पांडे, विधानसभा प्रभारी सुरेश साद, कार्यक्रम संयोजक दिनेश लछेटा पीपलाद और गोपाल पाटीदार सिरसाला सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक भुवान सिंह गहलोत, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं, सीएमसीएल-डीपी के छात्र-छात्राओं, सेमल्दा घाट समिति, जनपद पंचायत के पदाधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी अभियान में शामिल हुए।
