महिदपुर रोड में बाल तपस्वी सहित 6 तपस्वियों ने की सिद्धि तप तपस्या, कांठेड़ परिवार का बढ़ाया गौरव
महिदपुर रोड। नगर में कांठेड़ परिवार के 11 वर्षीय बाल तपस्वी मनन कांठेड़ सहित छह तपस्वियों के सिद्धि तप अनुमोदनार्थ कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को नागदा तिराहा स्थित गोविंद वाटिका में किया गया। तपस्वियों के जयकारों से पूरा वाटिका परिसर गूंज उठा।
ये तपस्वी रहे सिद्धि तप में शामिल
बाल तपस्वी मनन कांठेड़ के साथ परिवार के अमित कांठेड़, सुरेश चंद सालेचा वौहरा, अंगूर बाला अनिल कांठेड़, स्नेह लता राजेश कांठेड़ और प्रिया राहुल कांठेड़ ने सिद्धि तप किया। इन छह तपस्वियों के सम्मान में यह कार्यक्रम कांठेड़ परिवार द्वारा आयोजित किया गया।
गहुली और गुरु वंदन से शुभारंभ
नगर में चातुर्मास हेतु विराजित परम पूज्य साध्वी डॉ. अमृतरसा श्री जी महाराज साहब की मंगलकारी गहुली कांठेड़ परिवार द्वारा की गई। इसके बाद गुरु वंदन हुआ और साध्वी जी के मंगलाचरण से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कांठेड़ परिवार की बेटियों ने नवकार महामंत्र की स्तुति प्रस्तुत की, जबकि परिवार की सभी बहुओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
तपस्वियों ने व्यक्त किए मन के उद्गार
बाल तपस्वी मनन कांठेड़, दिशांक भंडारी, प्रिया कांठेड़ और चयन कांठेड़ ने अपने मन के उद्गार व्यक्त किए। स्तवन के माध्यम से चपडोद परिवार जावरा द्वारा सभी तपस्वियों का बहुमान किया गया। विशिष्ट अतिथियों का बहुमान लाभार्थी कांठेड़ परिवार द्वारा किया गया।

भावविभोर कर देने वाले क्षण
सभी 54 सिद्धि तप तपस्वियों ने सुमधुर संगीत के साथ पूज्य साध्वी डॉ. अमृतरसा श्री जी महाराज साहब का अक्षत से बधामणा किया। इसके बाद तपस्वियों ने अपने माता-पिता एवं वरिष्ठजनों का पद प्रक्षालन किया। इस क्षण को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
साध्वी जी का प्रेरक संदेश
जैन समाज मीडिया प्रभारी सचिन भंडारी ने बताया कि साध्वी जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य को अनमोल मानव भव मिला है, इसे व्यर्थ प्रमाद में नहीं गंवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिस्थिति से मन उतना दुखी नहीं होता, जितना मनःस्थिति से होता है। आत्मा के गुणों को प्रकट करने के लिए ही यह दुर्लभ मानव भव मिला है।
समाज की एकता की मिसाल
क्षेत्रीय जैन समाज गौरव एवं विधायक दिनेश जैन बोस ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर में हुआ ऐतिहासिक सिद्धि तप कार्यक्रम समाज के संगठन और एकता की मिसाल है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन को सभी ने मिलजुलकर सफल बनाया। “हम संख्या में कम जरूर हैं, लेकिन कमजोर नहीं हैं।” संगठित होकर कार्य करने से कठिन से कठिन कार्य भी आसान हो जाता है। उन्होंने इसे साध्वी जी के आशीर्वाद का फल बताया और नगर के सभी मीडिया साथियों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
लाभार्थी परिवार और आभार
सिद्धि तप अनुमोदनार्थ संपूर्ण आयोजन का लाभ लीलाबाई दिनेश कुमार, अनिल कुमार, राजेश कुमार कांठेड़ परिवार ने लिया। आयोजन में विधायक दिनेश जैन बोस, सकल जैन श्री संघ, बाहर से पधारे महानुभाव, अतिथिगण, परिवारजन, स्नेहीजन और इष्ट मित्र उपस्थित रहे। कांठेड़ परिवार की ओर से राहुल कांठेड़ ने सभी का आभार व्यक्त किया।
