मध्यप्रदेश जैन बोर्ड के शीघ्र गठन के लिए मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर महाराज ने विशेष प्रेरणा दी। महाराष्ट्र के राज्यमंत्री एवं प्रथम जैन आयोग के चेयरमैन ललित गांधी ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव स्तर पर चर्चा कर प्रक्रिया तेज कराने का आश्वासन दिया।
म.प्र. में जैन बोर्ड का गठन शीघ्र हो : मुनि पुंगव सुधासागर महाराज
रिपोर्ट – राजेश जैन दद्दू
महाराष्ट्र के राज्यमंत्री और प्रथम जैन आयोग के चेयरमैन ललित गांधी ने लिया आशीर्वाद, म.प्र. में जैन बोर्ड की प्रक्रिया तेज करने का दिया आश्वासन
मध्यप्रदेश जैन बोर्ड का गठन शीघ्रातिशीघ्र किया जाना चाहिए। परम पूज्य जगतपूज्य निर्यापक मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज ने मध्यप्रदेश में जैन बोर्ड के गठन को लेकर विशेष प्रेरणा प्रदान की। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि जैन समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने परम पूज्य गुरुदेव के पावन दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
महाराष्ट्र के राज्यमंत्री ललित गांधी ने लिया आशीर्वाद
दद्दू ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार के राज्यमंत्री एवं भारत के प्रथम स्वतंत्र जैन आयोग के चेयरमैन माननीय श्री ललित गांधी (कोल्हापुर) के नेतृत्व में जैन समाज का प्रतिनिधिमंडल गुरुदेव के दर्शन के लिए उपस्थित हुआ।
इस अवसर पर गुरुदेव श्री सुधासागर महाराज ने श्री ललित गांधी को विशेष आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा घोषित मध्यप्रदेश जैन बोर्ड को अति शीघ्र प्रारंभ किया जाना चाहिए। इससे जैन समाज के धार्मिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यों को नई गति मिलेगी।
गुरुदेव ने जैन समाज से जुड़े विषयों पर प्रतिनिधिमंडल को मार्गदर्शन देते हुए जैन बोर्ड के गठन की आवश्यकता पर जोर दिया। समाजजनों ने भी मध्यप्रदेश जैन बोर्ड के शीघ्र गठन के लिए गुरुदेव से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
जैन बोर्ड की प्रक्रिया तेज करने का ललित गांधी ने दिया आश्वासन
श्री ललित गांधी ने गुरुदेव को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे मध्यप्रदेश जैन बोर्ड के विषय में अति शीघ्र संबंधित स्तर पर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से चर्चा करेंगे, ताकि बोर्ड के गठन की प्रक्रिया को गति दी जा सके।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश जैसा बड़ा जैन बाहुल्य प्रदेश होने से यहां जैन बोर्ड का मॉडल पूरे देश के लिए उदाहरण बन सकता है। बोर्ड के माध्यम से जैन समाज से जुड़े धार्मिक, शैक्षणिक, सामाजिक एवं कल्याणकारी विषयों पर संगठित रूप से कार्य किया जा सकेगा।
मध्यप्रदेश में जैन समाज की बड़ी आबादी होने के कारण लंबे समय से समाज से जुड़े विभिन्न विषयों के लिए प्रभावी मंच की आवश्यकता महसूस की जाती रही है। ऐसे में जैन बोर्ड के गठन को समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में ये समाजजन रहे उपस्थित
प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय जैन अल्पसंख्यक महासंघ के राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री सौरभ भंडारी, मध्यप्रदेश संयोजक डॉ. संजीव जैन, उमेश जैन, विजय पितलिया एवं संदीप जैन (मंदसौर) सहित समाजजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाज श्रेष्ठियों ने श्री ललित गांधी एवं प्रतिनिधिमंडल का स्वागत-सम्मान किया। स्वागत करने वालों में राहुल जैन स्पोर्ट्स, डी.के. जैन, गिरीश गिन्नी, आनंद गोधा, नवीन गोधा, अशोक रानी दोशी, आकाश जी कोयला, हर्ष जैन एवं सौरव पटौदी शामिल रहे।
सभी समाजजनों ने गुरुदेव श्री सुधासागर महाराज से मध्यप्रदेश जैन बोर्ड के शीघ्र गठन के लिए मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान जैन समाज की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाजहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
क्या है जैन बोर्ड?
मध्यप्रदेश सरकार ने जैन समाज के कल्याण, तीर्थों की सुरक्षा, शिक्षण संस्थाओं के विकास और अल्पसंख्यक योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए स्वतंत्र जैन बोर्ड की घोषणा की है। महाराष्ट्र में पहला जैन आयोग बनने के बाद अब म.प्र. में बोर्ड के गठन से 50 लाख से अधिक जैन समाज को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
जैन समाज के लिए क्यों महत्वपूर्ण है बोर्ड?
मध्यप्रदेश जैन बोर्ड के अस्तित्व में आने से जैन तीर्थ क्षेत्रों से जुड़े विषयों, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, शिक्षा, सामाजिक कल्याण तथा शासन की अल्पसंख्यक योजनाओं को समाज तक पहुंचाने के कार्यों में सहायता मिलने की उम्मीद है। समाज के प्रतिनिधियों का मानना है कि एक स्वतंत्र बोर्ड होने से विभिन्न मुद्दों को शासन के समक्ष प्रभावी तरीके से रखा जा सकेगा।
मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर महाराज की प्रेरणा और ललित गांधी के आश्वासन के बाद समाजजनों ने उम्मीद जताई कि मध्यप्रदेश जैन बोर्ड के गठन की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
नमोस्तु गुरुदेव

