संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में लहार कॉलेज का शानदार प्रदर्शन, भिंड टीम उपविजेता
महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने संभाग स्तर पर किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, लहार कॉलेज के खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान
लहार। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा ग्वालियर के आईपीएस कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय संभाग स्तरीय महिला एवं पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय लहार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 25 और 26 सितंबर 2026 को आयोजित प्रतियोगिता में लहार कॉलेज के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के चलते भिंड जिले की टीम फाइनल तक पहुंची और उपविजेता का खिताब हासिल किया।
प्रतियोगिता में लहार कॉलेज की महिला टीम की नगीना शाक्य, मंतसा बानो, आकांक्षा और पूजा कुशवाहा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। वहीं पुरुष टीम की ओर से अनुराग सिंह दोहरे ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए टीम को संभाग स्तर पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता से हुआ खिलाड़ियों का चयन
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता से पहले 23 और 24 सितंबर को शासकीय महाविद्यालय लहार के इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसी प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन संभाग स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. मैथिली शरण त्रिपाठी के मार्गदर्शन में खेल कौशल का प्रदर्शन किया। टीम के उपविजेता बनने पर महाविद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अंगद सिंह दोहरे, डॉ. मैथिली शरण त्रिपाठी और डॉ. मधु गुप्ता बतौर अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय परिवार ने दी बधाई
भिंड जिले की टीम के उपविजेता बनने और लहार कॉलेज के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर महाविद्यालय परिवार के प्राध्यापकों एवं स्टाफ सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रोत्साहित करती हैं।
लहार कॉलेज के खिलाड़ियों के प्रदर्शन से महाविद्यालय के साथ-साथ जिले में भी खुशी का माहौल है।
अभिषेक शर्मा की खबर, जिला भिंड
