—Advertisement—

अधिक परिग्रह अशांति का कारण, संतोष ही सच्चे सुख का आधार : जैनाचार्य उदारसागर

Author Picture
Published On: 14 November 2026
sssss

—Advertisement—

अधिक परिग्रह अशांति का कारण, संतोष ही सच्चे सुख का आधार : जैनाचार्य उदारसागर

इच्छाओं को सीमित कर संयम और त्याग अपनाने से मिलेगा वास्तविक सुख, संतान को संपत्ति से अधिक संस्कार देने की आचार्यश्री ने दी सीख

मुरैना (मनोज जैन नायक)। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर मुरैना में आयोजित धर्मसभा में परम पूज्य जैनाचार्य उदारसागर महाराज ने अपने मंगल प्रवचनों में जीवन की वास्तविक सुख-शांति, संतोष, संयम और परिग्रह त्याग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। आचार्यश्री ने कहा कि मनुष्य जीवनभर सुख और शांति की तलाश में धन-संपत्ति का संग्रह करता रहता है, लेकिन उसकी इच्छाओं का कभी अंत नहीं होता। वास्तविक सुख बाहरी संपत्ति के संग्रह में नहीं, बल्कि इच्छाओं को सीमित करने, संतोष अपनाने और आत्मा को पाप कर्मों से बचाने में निहित है।

आचार्यश्री ने कहा कि आत्मकल्याण के लिए पंच पापों का त्याग और परिग्रह का परिमाण करना आवश्यक है। मनुष्य को सबसे पहले पाप को पाप समझकर उससे बचने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि किसी जीव को पीड़ा पहुंचाना या उसके प्राण लेना हिंसा, दूसरों को दुख पहुंचाने वाले वचन बोलना असत्य, बिना अनुमति किसी की वस्तु लेना चोरी, परस्त्री सेवन करना कुशील तथा आवश्यकता से अधिक संग्रह करना परिग्रह पाप है। ये पांचों पाप अशुभ कर्मबंध और जीवन में दुखों का कारण बनते हैं। यदि व्यक्ति सभी पापों का पूर्ण त्याग नहीं कर सकता, तो कम से कम संकल्पपूर्वक उनसे बचने का प्रयास जरूर करना चाहिए।

परिग्रह का परिमाण ही संतोष का मार्ग

आचार्यश्री ने परिग्रह परिमाण व्रत की महत्ता बताते हुए कहा कि इच्छाओं पर नियंत्रण किए बिना जीवन में संतोष संभव नहीं है। मनुष्य को अपनी आवश्यकताओं की सीमा निर्धारित करनी चाहिए। धन, धान्य, भूमि, भवन, पशु, आभूषण, वाहन, वस्त्र और अन्य उपयोगी वस्तुओं का आवश्यकता के अनुरूप संग्रह करना तथा उससे अधिक के प्रति निःस्पृह भाव रखना ही परिग्रह परिमाण अणुव्रत है। इसे इच्छा परिमाण व्रत भी कहा जाता है।

अपनी बात को समझाने के लिए आचार्यश्री ने अमेरिका के एक धनवान व्यक्ति का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति अपनी कार से नोट निकालकर सड़क पर फेंक रहा था। जब पुलिसकर्मी ने उससे ऐसा करने का कारण पूछा तो उसने कहा कि वह अपना पागलपन फेंक रहा है, क्योंकि अत्यधिक संपत्ति होने के कारण उसकी चिंता ने उसे परेशान कर दिया है। आचार्यश्री ने कहा कि यह उदाहरण बताता है कि आवश्यकता से अधिक धन-संपत्ति भी मनुष्य के लिए चिंता, तनाव और अशांति का कारण बन सकती है।

संतान को संपत्ति से अधिक संस्कार देना जरूरी

आचार्यश्री ने माता-पिता को संतान के भविष्य और संस्कारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि यदि संतान संस्कारहीन है, तो उसके लिए कितना भी धन एकत्रित कर लिया जाए, उसका कोई विशेष महत्व नहीं रह जाता। वहीं संस्कारवान संतान अपने परिश्रम, पुरुषार्थ और सद्गुणों के बल पर स्वयं अपनी पहचान बना सकती है। इसलिए माता-पिता को बच्चों के लिए केवल धन-संपत्ति जुटाने के बजाय उन्हें अच्छे संस्कार, नैतिक शिक्षा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में ऐसी भावना होनी चाहिए कि उसकी आवश्यकताएं भी पूरी हों और साधु-संतों के आहार, सेवा एवं धर्म प्रभावना में भी सहयोग किया जा सके। जीवन में उतना ही संग्रह करना चाहिए जितना आवश्यक हो। अधिक संग्रह की लालसा मनुष्य को आत्मकल्याण के वास्तविक उद्देश्य से दूर कर देती है। इसलिए संतोष, संयम और त्याग को जीवन का आधार बनाना चाहिए।

सुख पाबें संतोषी प्राणी : मुनिश्री उपशांत सागर

इस अवसर पर मुनिश्री 108 उपशांतसागर महाराज ने भी अपने मंगल प्रवचनों में धर्म, संयम और आत्मकल्याण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि धर्म केवल सुनने और समझने का विषय नहीं है, बल्कि उसे अपने व्यवहार और आचरण में उतारना आवश्यक है। व्यक्ति को ऐसे कार्य करने चाहिए, जिनसे आत्मा का कल्याण हो और जीवन में सद्गुणों का विकास हो।

मुनिश्री ने कहा कि गुरुजनों के उपदेशों को जीवन में आत्मसात करना और अपनी गलतियों का आत्मावलोकन कर उनमें सुधार करना प्रत्येक श्रावक का कर्तव्य है। संतोष, संयम और सदाचार अपनाकर ही वास्तविक शांति प्राप्त की जा सकती है। संसार में संतोष रखने वाला व्यक्ति ही सच्चे सुख का अनुभव करता है। इसी भाव को व्यक्त करते हुए शास्त्रों में कहा गया है कि “सुख पाबें संतोषी प्राणी।”

मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ

ddddddddd 1ddddddddddddddd 2
धर्मसभा का शुभारंभ श्रीमती गुंजन जैन द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात श्रीमती ममता जैन, श्रीमती गुंजन जैन एवं श्रीमती अंजना जैन ने भगवान के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को मंगलमय स्वरूप प्रदान किया।

धर्मसभा का प्रभावशाली एवं गरिमामय संचालन विद्वान नवनीत जैन शास्त्री ने किया। अपनी ओजस्वी वाणी और सुसंगठित प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने उपस्थित धर्मावलंबियों को प्रवचनों के आध्यात्मिक संदेश से जोड़े रखा। धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन उपस्थित रहे और आचार्यश्री तथा मुनिश्री के मंगल प्रवचनों का लाभ लिया।

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp