“वेस्ट की प्रोसेसिंग हमारी ताकत” — Indore को स्वच्छता के नेक्स्ट लेवल पर ले जा रहे नवाचार : महापौर पुष्यमित्र भार्गव
इंदौर | 16 दिसंबर 2025
नगर पालिक निगम Indore ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। मंगलवार को देवगुराड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड परिसर में महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने मृत पशुओं के वैज्ञानिक निपटान प्लांट, नवीन फायर स्टेशन और वेस्ट क्लॉथ प्रोसेसिंग प्लांट सहित 5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। इस अवसर पर महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “वेस्ट की प्रोसेसिंग Indore की सबसे बड़ी ताकत है और यही हमारी पहचान भी है।”
Indore : स्वच्छता नवाचारों का राष्ट्रीय मॉडल
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर का ट्रेंचिंग ग्राउंड आज केवल देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अध्ययन और रिसर्च का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन के विज़न को इंदौर ने जमीन पर उतारकर दिखाया है।

महापौर ने कहा कि इंदौर अब केवल कचरा संग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि “वेस्ट टू वेल्थ” की अवधारणा को अपनाकर कचरे को संसाधन में बदलने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वेस्ट मैनेजमेंट को Indore ने “नेक्स्ट लेवल” पर पहुंचाया है, जहां नवाचार, तकनीक और पर्यावरण संतुलन एक साथ काम कर रहे हैं।
5 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमि पूजन
आज जिन प्रमुख विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया, उनमें शामिल हैं—
- मृत पशुओं के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निपटान हेतु नवीन तकनीक आधारित प्लांट
- देवगुराड़िया ट्रेंचिंग ग्राउंड परिसर में नवीन फायर स्टेशन
- अनुपयोगी कपड़ों के पुनः उपयोग हेतु वेस्ट क्लॉथ प्रोसेसिंग प्लांट
इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि नगर निगम को राजस्व प्राप्ति के नए स्रोत भी उपलब्ध होंगे।

विजय दिवस पर सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान 16 दिसंबर विजय दिवस के अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा उपस्थित सेवानिवृत्त आर्मी अधिकारियों और सैनिकों का सम्मान किया गया। महापौर ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
इस अवसर पर महापौर परिषद सदस्य श्री अश्विनी शुक्ल, श्री अभिषेक शर्मा बबलू, श्री नंदकिशोर पहाड़िया, श्री मनीष शर्मा मामा, सरपंच श्री अनुराग पंड्या, निगम के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वेस्ट क्लॉथ प्रोसेसिंग प्लांट: कचरे से संसाधन की ओर
नगर पालिक निगम Indore द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत पी.पी.पी. (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर पहले ही बायो-सीएनजी/मेथेनाइजेशन प्लांट, एम.आर.एफ. (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) जैसे कई नवाचारी प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं।

Indore में थ्री-आर (Reduce, Reuse, Recycle) की अवधारणा के तहत प्रत्येक ज़ोन में थ्री-आर कलेक्शन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही “नेकी की दीवार” के माध्यम से बड़ी मात्रा में अनुपयोगी कपड़े एकत्रित होते हैं।
इन कपड़ों के बेहतर निपटान और पुनः उपयोग के उद्देश्य से वेस्ट क्लॉथ प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना की जा रही है।
- लागत: ₹2 करोड़
- मॉडल: पी.पी.पी.
- प्रक्रिया: अनुपयोगी कपड़ों से धागा तैयार किया जाएगा
- निगम को लाभ: ₹1.75 लाख प्रति माह राजस्व
नगर निगम द्वारा इस परियोजना के लिए भूमि, बिजली और सिविल कार्य उपलब्ध कराए जाएंगे।
मृत पशुओं के निपटान हेतु आधुनिक तकनीक आधारित प्लांट
शहर में मृत पशुओं के शवों के निपटान को लेकर लंबे समय से एक स्थायी और वैज्ञानिक समाधान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्वच्छ भारत मिशन विभाग द्वारा नवीन तकनीक आधारित प्लांट स्थापित किया जा रहा है।
अब तक मृत पशुओं को प्रारंभिक उपचार के बाद दफनाया जाता था, जिससे पर्यावरण और भूजल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था। नई व्यवस्था के तहत—
- आधुनिक मशीनों के माध्यम से शवों का विधिवत दहन किया जाएगा
- मशीन क्षमता: 1000 किलोग्राम प्रति बैच
- स्वीकृत लागत: ₹3.04 करोड़
देवगुराड़िया ट्रेंचिंग ग्राउंड में एजेंसी को भूमि उपलब्ध करा दी गई है। मृदा परीक्षण और डिज़ाइन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आज से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

नवीन फायर स्टेशन: पूर्वी क्षेत्र को मिलेगी सुरक्षा
Indore शहर के पूर्वी क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से देवगुराड़िया ट्रेंचिंग ग्राउंड परिसर में एक नवीन फायर स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।
- अनुमानित लागत: ₹80,71,875
- क्षेत्रफल: लगभग 10,000 वर्गफुट
इस फायर स्टेशन के शुरू होने से पालदा–नेमावर रोड और आसपास के क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण संभव हो सकेगा, जिससे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
read also : संबल योजना हितग्राहियों के लिए खुशखबरी: मंगलवार को 160 करोड़ रुपये का ट्रांसफर
समयबद्ध कार्य और उत्पादन पर जोर
Indore के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और उत्पादन भी समयबद्ध रूप से प्रारंभ हो। उन्होंने कहा कि इंदौर की पहचान केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन से बनी है।
Indore : स्वच्छता से स्मार्ट सिटी की ओर
कार्यक्रम के अंत में महापौर ने कहा कि इंदौर का लक्ष्य केवल स्वच्छ शहर बनना नहीं है, बल्कि पर्यावरण संतुलन, नवाचार और आत्मनिर्भरता के साथ एक स्मार्ट और सस्टेनेबल सिटी के रूप में विकसित होना है। वेस्ट प्रोसेसिंग, ऊर्जा उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में Indore आने वाले समय में भी देश के लिए रोल मॉडल बना रहेगा।
