उत्कृष्ट सुरक्षा और अनुशासन वाले अखाड़ों को मिलेगा ‘अखाड़ा गौरव सम्मान’
Indore , 25 सितंबर 2026। अनंत चतुर्दशी के ऐतिहासिक चल समारोह को सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने ‘अखाड़ा गौरव सम्मान’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत चल समारोह में शामिल अखाड़ों का विभिन्न निर्धारित मापदंडों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार अखाड़ों का आकलन सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन, समयबद्धता और शांतिपूर्ण प्रदर्शन सहित अन्य मानकों के आधार पर किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के अखाड़ों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

छह सदस्यीय ज्यूरी करेगी मूल्यांकन
‘अखाड़ा गौरव सम्मान’ के लिए गठित ज्यूरी में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े छह सदस्य शामिल हैं। इनमें वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व अध्यक्ष, इंदौर प्रेस क्लब अरविन्द तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता रचना जौहरी, रेड एफ.एम. मध्य प्रदेश एवं राजस्थान की प्रोग्रामिंग हेड पियूषा भार्गव, पूर्व पहलवान एवं रेसलिंग कोच विजय सिंह वरकिया, अंतरराष्ट्रीय पहलवान विजय मिश्रा तथा एसडीआर ग्रुप के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं गेरिया ग्रुप के मेंटोर एल्मार जाधव शामिल हैं।
सुरक्षा और अनुशासन को बढ़ावा देने की पहल
इंदौर पुलिस के अनुसार इस पहल का उद्देश्य अखाड़ों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ-साथ सुरक्षा, अनुशासन और निर्धारित नियमों के पालन को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से अनंत चतुर्दशी के पारंपरिक और ऐतिहासिक चल समारोह को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नरेट ने सभी अखाड़ों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और आयोजन से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा चल समारोह को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
