ज्ञान गौरव सम्मान समारोह में जैन सोशल ग्रुप नागदा ने 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में प्रकाश जैन, शरद जैन, दिलीप कांठेड़ सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। पढ़ें पूरी खबर।
ज्ञान गौरव सम्मान: जैन सोशल ग्रुप नागदा ने मेधावी विद्यार्थियों का किया भव्य सम्मान
ज्ञान गौरव सम्मान समारोह का आयोजन
नागदा। ज्ञान गौरव सम्मान समारोह के अंतर्गत जैन सोशल ग्रुप नागदा द्वारा स्थानीय नंदश्री गार्डन में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को ज्ञान गौरव अलंकरण से सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता ग्रुप अध्यक्ष धर्मेन्द्र बंम ने की तथा उन्होंने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि समाज का भविष्य शिक्षा से ही उज्ज्वल बनता है और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज के लिए गर्व का विषय है।
विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरपालिका उपसभापति एवं सांसद प्रतिनिधि प्रकाश जैन ने विद्यार्थियों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे राष्ट्र और समाज का भविष्य मजबूत बनता है।
विशेष अतिथि जैन सोशल ग्रुप इंटरनेशनल फेडरेशन मध्यप्रदेश रीजन के उपाध्यक्ष शरद जैन ने कहा कि जैन सोशल ग्रुप समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट निर्वहन कर रहा है और शिक्षा के क्षेत्र में उसका योगदान सराहनीय है।
वहीं विशिष्ट अतिथि जैन सोशल ग्रुप इंटरनेशनल फेडरेशन मध्यप्रदेश रीजन के साहित्यिक कन्वीनर दिलीप कांठेड़ ने कहा कि जैन सोशल ग्रुप नागदा द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सदैव याद रखे जाएंगे।
पालिताणा नव्वाणु यात्रा करने वाले बच्चों का सम्मान
समारोह के दौरान पालिताणा तीर्थ की पैदल नव्वाणु यात्रा पूर्ण करने वाले बच्चों का भी विशेष सम्मान किया गया। उन्हें शाल, माला, पगड़ी एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।अभिनंदन पत्र का वाचन ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष कमल जैन सिसौदिया ने किया
चातुर्मास समिति अध्यक्षों का बहुमान
कार्यक्रम में नवगठित चातुर्मास समिति के अध्यक्ष दिलीप कांठेड़ एवं शरद आंचलिया का भी जैन सोशल ग्रुप नागदा द्वारा बहुमान किया गया।
सेल्फी विद मदर प्रतियोगिता के परिणाम घोषित
मदर्स डे के अवसर पर आयोजित सेल्फी विद मदर प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा भी इसी समारोह में की गई।कार्यक्रम के सह-प्रायोजक एवं ग्रुप सह सचिव मनीषा मनोज गांग का भी ग्रुप द्वारा अभिनंदन किया गया।
शानदार संचालन और आभार
कार्यक्रम का आकर्षक संचालन नई पीढ़ी के उभरते संचालक मीत कोचर एवं चाहत पालरेचा ने किया।अंत में ग्रुप सचिव प्रशांत नाहर ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के पश्चात सभी सदस्यों के लिए सुस्वादु भोजन एवं मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन सोशल ग्रुप नागदा के सदस्य एवं समाजजन उपस्थित रहे।
रिपोर्ट
नागदा से जीवनलाल जैन की रिपोर्ट
मो.: 9179662633


