डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता और टोकन व्यवस्था सुधारने की मांग
किसान संघ ने जिला विपणन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्टर: खूब चन्द्र लोधी | स्वराज वाणी
Tikamgarh । जिले में डीएपी खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों की समस्याएं सामने आने लगी हैं। मंगलवार को भारतीय किसान संघ के जिला जैविक प्रमुख संतोष लोधी और टीकमगढ़ तहसील पदाधिकारी रोहित परमार ने जिला विपणन अधिकारी अनिल कुमार नरवरे को ज्ञापन सौंपकर डीएपी खाद की पर्याप्त व्यवस्था करने और टोकन वितरण में आ रही विसंगतियों को दूर करने की मांग की।
किसान संघ ने ज्ञापन में बताया कि जिले में डीएपी (18:46) खाद की उपलब्धता पर्याप्त नहीं होने के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार, खाद के लिए टोकन प्राप्त करने में भी उन्हें कई दिनों तक परेशान होना पड़ रहा है। संघ ने मांग की कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए वितरण व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से किसान संघ ने डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, खाद के संपूर्ण भंडार की जानकारी संबंधित साइट पर प्रदर्शित करने और टोकन व्यवस्था को सरल बनाने की मांग की। इसके अलावा बड़ोरा घाट वितरण केंद्र पर कम से कम पांच मशीनें लगाने की मांग रखी गई, ताकि अधिक संख्या में किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा सके।
किसान संघ ने कहा कि वर्तमान में खाद का उठाव अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद वितरण व्यवस्था में परेशानी बनी हुई है। आगामी दिनों में मांग बढ़ने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है, इसलिए समय रहते व्यवस्था में सुधार किया जाना जरूरी है।
संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
