सीएम की पहली फिजिकल कांफ्रेंस 7–8 अक्टूबर को, तय होगा प्रदेश का वार्षिक रोडमैप
भोपाल।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कलेक्टर–कमिश्नर, एसपी और आईजी–डीआईजी स्तर की पहली फिजिकल कॉन्फ्रेंस 7 और 8 अक्टूबर को राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित होगी। इस दो दिवसीय बैठक में पूरे प्रदेश के लिए वार्षिक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने आठ प्रमुख विषय चिन्हित किए हैं, जिन पर मंत्रालय के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी प्रेजेंटेशन देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अपनी प्राथमिकताएँ और दिशा-निर्देश तय करेंगे।
इन विषयों पर होंगी चर्चाएँ
- नगरीय विकास:
संजय दुबे पीएम आवास योजना, अमृत योजना और स्वच्छ भारत मिशन पर जानकारी देंगे। - ग्रामीण व आदिवासी विकास:
दीपाली रस्तोगी पीएम जनमन, आदिवासी बोर्डिंग स्कूल, मनरेगा, आजीविका मिशन, ग्रामीण सड़क योजना व सिंचाई परियोजनाओं पर चर्चा करेंगी। - कृषि:
अशोक वर्णवाल खाद-बीज प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, सूक्ष्म सिंचाई, दूध उत्पादन और प्रोसेसिंग पर बात करेंगे। - गुड गवर्नेंस:
संजय कुमार शुक्ला राजस्व मामलों के डिजिटलीकरण, भूमि अधिग्रहण और समग्र योजना पर प्रस्तुति देंगे। - कानून व्यवस्था:
शिवशेखर शुक्ला अपराध प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और एयर एंबुलेंस सेवाओं पर जानकारी देंगे। - स्वास्थ्य व पोषण:
संदीप यादव सिकल सेल, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और अस्पताल अधोसंरचना पर फोकस करेंगे। - रोजगार व उद्योग:
राघवेंद्र कुमार सिंह कौशल विकास, एमएसएमई लोन, स्टार्टअप्स और पीएम गतिशक्ति परियोजना पर चर्चा करेंगे।
विशेष आकर्षण
👉 सम्मेलन में कलेक्टर-कमिश्नरों के साथ जिला पंचायत सीईओ और नगरीय निकायों के कमिश्नरों को भी बुलाया गया है।
👉 समूह चर्चा (ग्रुप डिस्कशन) के माध्यम से समन्वय और सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
👉 पुलिस अधिकारियों के लिए आईएएस अधिकारियों के साथ एक अलग सत्र भी आयोजित होगा।
सम्मेलन का महत्व
इस कॉन्फ्रेंस के समापन पर प्रदेश का पूरे वर्ष का वार्षिक रोडमैप तैयार होगा, जिसे लागू करने की जिम्मेदारी मैदानी अधिकारियों पर होगी। इन्हीं लक्ष्यों के आधार पर उनके काम का मूल्यांकन भी किया जाएगा।
