दीपक सजाकर पहुंचे नन्हे-मुन्ने, शिक्षिकाओं ने केक काटकर बच्चों के साथ साझा की खुशियां
जिला ब्यूरो: चंद्रेश जैन
शाजापुर (चंद्रेश जैन)। गायत्री पब्लिक स्कूल पिंदोनिया में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आकर्षक बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे विद्यालय में बच्चों की चहल-पहल और खुशियों का माहौल देखने को मिला।
आकर्षक दीपक लेकर पहुंचे बच्चे
बाल मेले की विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा घर से तैयार कर लाए गए रंग-बिरंगे और आकर्षक दीपक रहे। बच्चों ने दीपकों को अलग-अलग रंगों और डिजाइनों से सजाया था। उनकी कलात्मक सोच और मेहनत ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को अपनी कल्पनाशीलता और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
विद्यालय में आयोजित इस मेले का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी तैयारियों को प्रस्तुत किया और कार्यक्रम का आनंद लिया।
शिक्षिकाओं ने बच्चों के साथ काटा केक
बाल दिवस के अवसर पर शिक्षिकाओं ने बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। शिक्षिकाओं ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
विद्यालय परिवार और ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में सहायक प्राचार्य मोनिका बोयल, सलोनी राजपूत, खुशबू परिहार, मोनिका परमार, अर्चना यादव, खुशबू शर्मा सहित विद्यालय के प्राचार्य दिनेश केलकर उपस्थित रहे। इसके अलावा अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास से आयोजित यह बाल मेला बच्चों के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बच्चों के सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
