BJP जिला कार्यसमिति बैठक में संगठन की मजबूती, जनसेवा और विकसित प्रदेश का लिया संकल्प
पांच सत्रों में राजनीतिक प्रस्ताव, सिंहस्थ-2028, महिला सशक्तिकरण और कृषक कल्याण पर चर्चा
नागदा। BJP जिला उज्जैन ग्रामीण की जिला कार्यसमिति बैठक सोमवार को स्नेह कुंज परिसर में आयोजित हुई। संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस बैठक में जिले के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों और जिला कार्यसमिति सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना के साथ राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों, सिंहस्थ-2028 की तैयारियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा संकल्प अभियान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर
बैठक के प्रथम सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ने संगठन की मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाकर ही जनसेवा के कार्यों को व्यापक रूप दिया जा सकता है।
धाकड़ ने बैठक में ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान की जानकारी भी कार्यकर्ताओं के साथ साझा की और संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।

राजनीतिक प्रस्ताव पर हुआ मंथन
दूसरे सत्र में भाजपा जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री बबीता परमार ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने संगठन की आगामी गतिविधियों और राजनीतिक विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों पर चर्चा
तीसरे सत्र में सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने ‘विकसित मध्यप्रदेश एवं सिंहस्थ-2028 उज्जैन’ विषय पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को ध्यान में रखकर तैयारियों को गति देने की बात कही गई।
महिला, युवा और किसान कल्याण पर जोर
चौथे सत्र में मप्र गृह निर्माण अधोसंरचना मंडल अध्यक्ष ओम जैन ने महिला एवं युवा वर्ग के कल्याण, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक-विधिक विषयों पर मार्गदर्शन दिया। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम बंसल ने किसानों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी दी।
बैठक में सामाजिक समरसता, कृषक कल्याण और सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, जिला प्रभारी बबीता परमार, जगदीश अग्रवाल, ओम जैन, किशन भटौल, सुल्तानसिंह शेखावत, श्याम बंसल, बहादूरसिंह बोरमुंडला, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, जिला महामंत्री राकेश यादव और श्याम शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री राकेश यादव ने किया। कार्यक्रम की जानकारी भाजपा मीडिया प्रभारी गजेंद्र परमार, उज्जैन और निलेश मेहता, नागदा ने दी।
