दबोह के आवासगृह वार्ड क्रमांक 12 में वारदात, लोहे के पलटा, कुल्हाड़ी, सरिया और लाठियों से मारपीट का आरोप; आठ लोगों के खिलाफ BNS और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
ब्यूरो रिपोर्ट: अभिषेक शर्मा, जिला ब्यूरो चीफ, भिंड
भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के दबोह नगर में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक घटना में बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने अपने साथियों और परिजनों के साथ मिलकर एक परिवार के घर में घुसकर हमला कर दिया। इस घटना में परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहार ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल शैलेन्द्र परिहार को ग्वालियर रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही शैलेन्द्र ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले में आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना दबोह नगर के आवासगृह वार्ड क्रमांक 12 की है। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत 11 नवंबर की शाम करीब 7:45 बजे हुई थी। फरियादी रविन्द्र सिंह परिहार (45), निवासी आवासगृह वार्ड क्रमांक 12 दबोह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दुकान से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले राजकुमार सविता ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। रविन्द्र सिंह ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया।
घर लौटते ही आरोपियों ने किया हमला
फरियादी के मुताबिक, दुकान से सामान लेकर जब वह अपने घर वापस पहुंचे, तो कुछ देर बाद राजकुमार सविता अपने साथियों और परिजनों के साथ उनके घर पहुंच गया। आरोप है कि समूह में शामिल लोगों के हाथों में लोहे का पलटा, कुल्हाड़ी, सरिया और लाठियां थीं। घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे।
शिकायत में बताया गया है कि हमलावरों ने एकराय होकर परिवार पर हमला किया। इस दौरान राजकुमार सविता और देवेन्द्र विश्वकर्मा पर लोहे के पलटे और सरिये से रविन्द्र सिंह के सिर पर वार करने का आरोप है। हमले में रविन्द्र सिंह के सिर में चोट आई। अचानक हुए हमले से परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों को भी घटना की जानकारी हुई।
बीच-बचाव करने पहुंचे भाई को भी पीटा
फरियादी के अनुसार, जब उनके भाई शैलेन्द्र परिहार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले में शैलेन्द्र की बाईं आंख के ऊपर, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिवार की मां सरमन परिहार और भाभी रामवती परिहार भी जब बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
इस तरह हमले में रविन्द्र सिंह परिहार, शैलेन्द्र परिहार, सरमन परिहार और रामवती परिहार घायल हो गए। घटना के बाद आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार होने का आरोप लगाया गया है।
ग्वालियर रेफर करने के दौरान शैलेन्द्र ने तोड़ा दम
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहार ले जाया गया। शैलेन्द्र परिहार की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में शोक छा गया। शराब के लिए पैसे मांगने से शुरू हुए विवाद में एक व्यक्ति की जान चले जाने से क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चा है।
आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
दबोह थाना पुलिस ने फरियादी रविन्द्र सिंह परिहार की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में राजकुमार सविता, सतेन्द्र विश्वकर्मा, जितेन्द्र विश्वकर्मा, देवेन्द्र विश्वकर्मा, उन्नी पंडित, प्रशांत सविता, पवन सविता और आशा सविता निवासी दबोह शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 119(1), 331(6), 351(3), 296A, 191(1), 191(2) और 191(3) के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(v) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने प्रकरण को विवेचना में लेकर घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
एसडीओपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण


घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। गुरुवार सुबह लहार एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दबोह थाना प्रभारी से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान दबोह थाने के पुलिस बल के साथ अन्य स्थानों से भी पुलिस बल मौजूद रहा।
एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तीन थानों की पुलिस टीम गठित कर तत्काल दबिश दी गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्रकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
