अनूपपुर में नो-एंट्री में दौड़ रहा भाजपा नेता का फ्लाई ऐश वाला हाइवा, कार्रवाई पर उठे सवाल
नो-एंट्री क्षेत्र से रोजाना गुजर रहा भारी वाहन
Anuppur। शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन का एक मामला अब गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आरोप है कि भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष रवि उर्फ रविन्द्र राठौर का फ्लाई ऐश से भरा हाइवा चंदास तिराहे के नो-एंट्री क्षेत्र से होकर मजिस्ट्रेट कार्यालय के ठीक सामने से रोजाना गुजर रहा है। सवाल उठ रहा है कि जब आम नागरिकों पर नो-एंट्री के नियम सख्ती से लागू होते हैं, तो इस भारी वाहन को शहर के बीचों-बीच किसकी अनुमति से प्रवेश मिल रहा है।
पहले हुई थी चालानी कार्रवाई
बताया जाता है कि पहले भी नो-एंट्री उल्लंघन को लेकर पत्रकारों ने विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद संबंधित भारी वाहन पर कई बार चालानी कार्रवाई हुई थी। उस समय तत्कालीन ट्रैफिक टीआई ज्योति दुबे ने नियमों के पालन में सख्ती दिखाई थी। अब रोजाना नो-एंट्री क्षेत्र से भारी वाहन गुजरने के बावजूद कार्रवाई न होने से वर्तमान यातायात व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
ज्योति दुबे के कार्यकाल की चर्चा
बताया जाता है कि तत्कालीन यातायात प्रभारी ज्योति दुबे ने जिले की सड़कों पर दिन-रात दौड़ने वाले भारी वाहनों पर नकेल कसी थी। लगातार कार्रवाई से सड़कों पर चलने वाले लोगों को राहत मिली थी। आरोप है कि जैसे ही नेता के वाहन का चालान कटा, विधायक के पास पहुंचकर यातायात प्रभारी को पद से हटाने की होड़ मच गई थी। अब सवाल है कि क्या वर्तमान प्रभारी वैसी ही कार्रवाई कर पाएंगे।
आम और खास के लिए अलग नियम?
अनूपपुर की सड़कों पर आम वाहन चालक से छोटी सी गलती होने पर भी चालान काट दिया जाता है। वहीं प्रतिबंधित क्षेत्र में भाजपा नेता के हाइवा के रोजाना प्रवेश पर कार्रवाई नहीं हो रही। लोग पूछ रहे हैं कि क्या यातायात नियमों में आम नागरिकों और रसूखदारों के लिए अलग-अलग मापदंड हैं। सबसे गंभीर सवाल यह भी है कि मजिस्ट्रेट कार्यालय के सामने से गुजरता यह वाहन जिम्मेदार अधिकारियों को क्यों नहीं दिखाई देता।
जनता मांग रही जवाब
अब जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक और यातायात विभाग से जनता जवाब चाहती है कि नो-एंट्री का यह कथित खेल कब बंद होगा। वर्तमान ट्रैफिक टीआई इस मामले में क्या कार्रवाई करेंगे, इस पर सबकी नजर है। देखना होगा कि वाहन का नियमानुसार चालान काटा जाता है या यातायात नियम राजनीतिक रसूख के आगे बेबस ही रहते हैं।
