शासकीय स्कूल जात्राखेड़ी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस
विद्यार्थियों को बताया संविधान का महत्व, चित्रकला, रंगोली और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
संवाददाता आनंद किरावर।
Jatrakhedi : शासकीय स्कूल जात्राखेड़ी में संविधान दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद शिक्षकों ने विद्यार्थियों से संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया और उन्हें मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी।
विद्यालय के प्रधान पाठक प्रदीप पाराशर ने विद्यार्थियों को संविधान का महत्व बताते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को संविधान के प्रति जागरूक रहने और उसके मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा को बताया सफलता का मूल मंत्र
अतिथि शिक्षक जय नारायण सुरमा ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता का मूल मंत्र है। बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने भी अपने जीवन में कठिन परिश्रम और शिक्षा को हथियार बनाकर देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि कानूनों और नियमों का ऐसा संग्रह है, जिसके आधार पर पूरा देश संचालित होता है।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों ने भी बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर को नमन किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया उत्साह से हिस्सा
संविधान दिवस के अवसर पर विद्यालय में चित्रकला, रंगोली और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की ग्रामीणों और अभिभावकों ने सराहना की।
इस अवसर पर प्रधान पाठक प्रदीप पाराशर, शिक्षिका रंजना पस्टारिया, अतिथि शिक्षक जय नारायण सुरमा, संजय निवारे, शिक्षिका शुभांगी पस्टारिया, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संजू कुरिया, सहायिका मनीषा किरावर सहित विद्यालय एवं आंगनवाड़ी के बच्चे उपस्थित रहे।
