—Advertisement—

नागदा-खाचरौद में गहराता जल संकट: नायन डेम में 235 एमसीएफटी पानी शेष, चंबल प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता

Author Picture
Published On: 21 November 2026
1101d6df 8fb6 4485 8a2d de1cb07544ac

—Advertisement—

नागदा-खाचरौद में आगामी गर्मी में जल संकट की आशंका। नायन बांध में 235 एमसीएफटी पानी शेष और रोजाना 5 एमसीएफटी की निकासी। चंबल नदी में प्रदूषण की आशंका ने बढ़ाई चिंता।

नागदा-खाचरौद की जलापूर्ति के लिए दूरदर्शी प्रबंधन जरूरी

नायन के दोनों बाँधो में कुल 235 एमसीएफटी पानी शेष, पांच पंपिंग स्टेशनों से प्रतिदिन 5 एमसीएफटी की निकासी; 2 से 2.5 लाख आबादी के साथ उद्योगों की जल आपूर्ति की चुनौती बड़ी

नागदा । नागदा-खाचरौद क्षेत्र में आगामी ग्रीष्मकाल के दौरान निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। क्षेत्र की लगभग 2 से 2.5 लाख आबादी की रोजमर्रा की जल आवश्यकताओं के साथ औद्योगिक इकाइयों के संचालन की निर्भरता भी प्रमुख जल स्रोत नायन डेम पर ही है। वर्तमान में नायन बांध क्रमांक 1 और 2 में कुल मिलाकर लगभग 235 एमसीएफटी पानी शेष है, जबकि इनसे प्रतिदिन करीब 5 एमसीएफटी पानी की निकासी हो रही है। इस स्थिति में उपलब्ध जल भंडार का विवेकपूर्ण उपयोग और आगामी जरूरतों के अनुरूप प्रभावी जल प्रबंधन जरूरी हो गया है।

9c00beba 2b49 4c57 a677 55a253a4f1db 68e8f017 49b3 468d a1d9 1a7e9372080b

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नायन बांध क्रमांक 1 में 187.57 एमसीएफटी तथा नायन बांध क्रमांक 2 में 48.87 एमसीएफटी पानी उपलब्ध है। दोनों बांधों का संयुक्त जल भंडारण 236.44 एमसीएफटी है। नायन बांध 1 से संचालित पांच पंपिंग स्टेशनों के माध्यम से नागदा, खाचरौद, रेलवे, जल निगम तथा औद्योगिक इकाइयों को पानी की आपूर्ति की जाती है। इस व्यवस्था से प्रतिदिन लगभग 2 से 2.5 लाख लोगों की घरेलू जल जरूरतें पूरी होने के साथ उद्योगों के संचालन के लिए भी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

वर्तमान में नायन बांध से प्रतिदिन लगभग 5 एमसीएफटी पानी की निकासी हो रही है। जल आपूर्ति का अन्य वैकल्पिक उपाय नहीं होने पर निकासी की यही दर बनी रहती है तो नायन बांध क्रमांक 1 और 2 में उपलब्ध संयुक्त जल भंडार लगभग 47 दिनों के लिए ही पर्याप्त होगा। यह अनुमान मौजूदा भंडार और निकासी पर आधारित है। ऐसे में भविष्य की जलापूर्ति को लेकर अभी से ठोस कार्ययोजना तैयार करना अति आवश्यक है।

स्थिति को और महत्वपूर्ण बनाने वाला तथ्य यह है कि पिपलोदा और अमलावदा बीका बांध के गेट बंद होने से फिलहाल इन जलाशयों से पानी की आवक नहीं हो रही है। अमलावदा बीका बांध का गेट 13 अक्टूबर तथा पिपलोदा बांध का गेट 11 नवंबर 2026 से बंद है। अधिकृत जानकारी अनुसार अमलावदा बीका बांध में 82.01 एमसीएफटी तथा पिपलोदा बांध में 67.17 एमसीएफटी पानी मौजूद है, लेकिन गेट बंद होने के कारण यह पानी वर्तमान में आपूर्ति व्यवस्था के लिए उपलब्ध नहीं है।

अन्य जल स्रोतों में जलवाल जलाशय में लगभग 75 एमसीएफटी और टकरावदा जलाशय में 55 एमसीएफटी पानी उपलब्ध बताया गया है। इसके अतिरिक्त टूमनी तालाब और गोधाघाट भी क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थानीय जल स्रोत हैं। हालांकि, इन सभी स्रोतों की उपयोग योग्य क्षमता, जल गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था का तकनीकी परीक्षण कर ही इनके वास्तविक उपयोग की संभावनाएं निर्धारित की जा सकती हैं।

नागदा की औद्योगिक खपत और बड़ी आबादी की दैनिक जल आपूर्ति को देखते हुए पेयजल तथा उद्योगों की जरूरतों के बीच संतुलन बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासन को नायन बांध के जल भंडार, प्रतिदिन की निकासी और आगामी मांग की नियमित समीक्षा करते हुए पेयजल के लिए पर्याप्त मात्रा सुरक्षित रखने की वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही सिंचाई के लिए पानी की निकासी और अन्य उपयोगों का भी समुचित नियोजन जरूरी है।

इसके लिए जल संसाधन विभाग, नगर पालिका, जल निगम, रेलवे और औद्योगिक इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित कर एकीकृत जल प्रबंधन योजना विचारणीय है। उद्योगों में उपचारित जल के पुनः उपयोग, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण तथा पुराने तालाबों के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

नायन डेम के मौजूदा जल भंडार और प्रतिदिन लगभग 5 एमसीएफटी की निकासी को देखते हुए जल प्रबंधन को केवल वर्तमान आपूर्ति तक सीमित रखना उचित नहीं होगा। आगामी ग्रीष्मकाल की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अभी से जल बजट तैयार करना, वैकल्पिक उपायों के लिए प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास आवश्यक, अनावश्यक जल उपयोग पर नियंत्रण और पेयजल के लिए सुरक्षित भंडार निर्धारित करना जरूरी है। समय रहते प्रशासनिक स्तर पर समन्वित प्रयास किए जाएं तो नागदा-खाचरौद की आबादी और औद्योगिक आवश्यकताओं के लिए भविष्य में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाए।

जल संकट के बीच चंबल का बढ़ता प्रदूषण भी चिंता का विषय, बड़े उद्योगों की आड़ में छोटे रासायनिक कारोबार का खेल?

जल की घटती उपलब्धता के बीच चंबल नदी के पानी की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर चिंता सामने आ रही है। हाल ही में चामुंडा माता मंदिर के समीप नदी का पानी लाल दिखाई देने तथा बड़ी संख्या में मछलियों के मृत मिलने की घटना ने प्रदूषण की आशंका को गहरा किया है। क्षेत्र में सामने आ रही शिकायतों के अनुसार कुछ टैंकर संचालक और रासायनिक अपशिष्ट से जुड़े कारोबारी मेघनगर, गुजरात और महाराष्ट्र सहित बाहरी औद्योगिक क्षेत्रों से वेस्ट एसिड एवं अन्य रसायन लाकर नागदा क्षेत्र के नालों और आसपास की जमीनों पर खपा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, नदी किनारे पूर्व में दिखाई दे रही मृत मछलियां प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम के निरीक्षण के दौरान मौके पर नहीं मिलीं। इससे मृत मछलियों को हटाए जाने को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि, उन्हें किसने और किन परिस्थितियों में हटाया, इसकी पुष्टि होना शेष है। ऐसे में केवल जल भंडारण की गणना और आपूर्ति प्रबंधन ही नहीं, बल्कि चंबल के पानी की गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच, प्रदूषण के स्रोतों की पहचान और मृत मछलियों से जुड़े घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच भी जरूरी है। जिस चंबल के पानी पर शहर की आबादी, ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था, किसानों की सिंचाई और औद्योगिक जरूरतें निर्भर हैं, उसके प्रदूषित होने की आशंका प्रशासन द्वारा गंभीरता से लेने और जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय करने के लिए जनमानस में आक्रोश एवं जिज्ञासा बनी हुई है।
बाहरी स्रोतों से प्रदूषित जल के संदर्भ में रंजना पाटीदार, एसडीएम नागदा ने कहा “मामले की जानकारी मिलती है तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp