इंदौर में 22 नवंबर को पहली बार अखिल भारतीय मौजी बंधन संस्कार शिविर का आयोजन होगा। आचार्य श्री सुधा सागर जी महाराज के आशीर्वाद में बच्चों को मिलेंगे धार्मिक एवं नैतिक संस्कार।
इंदौर में पहली बार अखिल भारतीय मौजी बंधन संस्कार शिविर का आयोजन कल, आचार्य श्री सुधा सागर जी महाराज के आशीर्वाद से बच्चों को मिलेंगे धर्म और संस्कार
दैनिक स्वराज वाणी
राजेश जैन दद्दू
इंदौर। धर्म और संस्कारों की नगरी इंदौर में पहली बार अखिल भारतीय मौजी बंधन संस्कार शिविर का भव्य आयोजन 22 नवंबर 2026, रविवार को किया जाएगा। दोपहर 1 बजे दिगंबर जैन मंदिर, क्लर्क कॉलोनी परिसर के समीप आयोजित होने वाला यह महोत्सव आचार्य श्री 108 सुधा सागर जी महाराज के पावन आशीर्वाद, मंगल प्रेरणा एवं संघ सानिध्य में संपन्न होगा।
सकल दिगंबर जैन धर्म प्रभावना समिति, इंदौर के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य नई पीढ़ी को धर्म, संस्कार, संयम, अनुशासन और श्रेष्ठ चरित्र की अमूल्य धरोहर प्रदान करना है।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि मौजी बंधन संस्कार केवल धार्मिक परंपरा या रस्म नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन में संस्कार, गुरु के प्रति श्रद्धा और शास्त्रों के प्रति आस्था का बीजारोपण करने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। गुरुदेव के आशीर्वाद से बच्चों को यह संस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य मिलेगा। इससे उनमें नैतिकता, सादगी, अनुशासन और मानवता जैसे गुणों का विकास होगा।
आयोजकों के अनुसार इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह है। विभिन्न क्षेत्रों से श्रावक-श्राविकाएं अपने बच्चों के साथ शामिल होने के लिए इंदौर पहुंचेंगे।
महोत्सव के प्रमुख संयोजक आनंद गोधा एवं अक्षय कासलीवाल हैं। परम संरक्षक आशा रानी पांड्या, संरक्षक गजेंद्र जैन मिन्नी ग्रुप एवं रमेश जैन निरवाना हैं। चक्रवर्ती गौरव मनीष गोधा, चक्रवर्ती अध्यक्ष नवीन गोधा, महोत्सव अध्यक्ष अशोक डोसी, कार्याध्यक्ष धर्मेंद्र जैन, कोषाध्यक्ष आकाश कुमार जैन कोयला, महामंत्री हर्ष जैन, स्वागत अध्यक्ष संजय सामरिया एवं मिरीश जैन गिन्नी तथा सह कोषाध्यक्ष सौरभ बड़जात्या हैं।
समिति ने समस्त जैन समाज से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बच्चों को संस्कारों की इस अनमोल धरोहर से जोड़ने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
नमोस्तु शासन। जयवंत हो।
