तीर्थ संरक्षिणी महासभा ने ऐतिहासिक स्थल मांडव में मनाया दीपावली मिलन समारोह, प्राचीन जैन प्रतिमा के दर्शन कर पुरातत्व संग्रहालय का किया अवलोकन
ओम पाटोदी
इंदौर विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ संरक्षिणी महासभा की ओर से विशेष पहल की गई। महासभा के भक्तामर मंडल द्वारा ऐतिहासिक नगरी मांडव में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समाजजनों ने प्राचीन जैन मंदिर में भगवान महावीर स्वामी के दर्शन, अभिषेक एवं पूजन किया। साथ ही मांडव की ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन कर उनके इतिहास और महत्व की जानकारी प्राप्त की।
19 से 25 नवंबर तक मनाया जाता है विश्व धरोहर सप्ताह
निर्ग्रन्थ आर्कियोलॉजी सर्वे ऑफ इंडिया के पुरातत्व संयोजक एवं वर्द्धमानपुर शोध संस्थान के ओम पाटोदी ने बताया कि प्रतिवर्ष 19 से 25 नवंबर तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाता है। नवंबर 1972 में यूनेस्को के महासम्मेलन में विश्व सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण से संबंधित अंतरराष्ट्रीय संधि को अपनाया गया था। वर्ष 1975 में 20 देशों की सहमति के बाद यह संधि प्रभावी हुई। भारत ने 14 नवंबर 1977 को इस संधि पर औपचारिक हस्ताक्षर किए।
विश्व धरोहर सप्ताह मनाने का प्रमुख उद्देश्य आमजन को ऐतिहासिक इमारतों, पुरातात्विक स्थलों, प्राचीन स्मारकों और सांस्कृतिक विरासत के महत्व से परिचित कराना तथा इनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अंतर्गत देशभर में संरक्षित स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों पर इस अवसर पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इस वर्ष 19 नवंबर को केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में एक दिन के लिए प्रवेश निःशुल्क रखने की जानकारी भी दी गई।
प्राचीन जैन प्रतिमा के दर्शन और अभिषेक पूजन किया


ओम पाटोदी ने बताया कि ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और उनके महत्व को जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से भक्तामर मंडल ने मांडव में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत कागदीपुरा ग्राम स्थित महावीर जिनालय से हुई। यहां समाजजनों ने भूगर्भ से प्राप्त भगवान महावीर स्वामी की अत्यंत प्राचीन ऐतिहासिक प्रतिमा के दर्शन किए। इसके पश्चात अभिषेक एवं पूजन कर विश्व मंगल शांति धारा का लाभ लिया।
इसके बाद सभी सदस्य ऐतिहासिक नगरी मांडव पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध जहाज महल स्थित पुरातत्व संग्रहालय का अवलोकन किया। इस दौरान मांडव की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत के बारे में समाजजनों को विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी प्राचीन धरोहरों के इतिहास और उनके संरक्षण की आवश्यकता से जोड़ने का संदेश दिया गया।
धरोहरों के संरक्षण में समाज की भागीदारी जरूरी
इस अवसर पर श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ संरक्षिणी महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष टीके वेद, प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सेठी एवं ओम पाटोदी ने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरें हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली अतीत की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकारी संस्थाओं की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। आमजन को अपनी विरासत के महत्व को समझना चाहिए और इनके संरक्षण के लिए जनजागरूकता फैलाने में सहयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में ओम पाटोदी, संतोष जैन मामाजी, महेंद्र जैन, अनुप जैन, श्रेयांस जैन, मनीष पहाड़िया, अमन जैन, आशीष जैन, अनंत जैन गोल्डी, अंकुर जैन, चर्चित पाटोदी, सजल जैन, सजल चंदेरिया सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहे।
प्रदेशभर में आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम
महासभा के प्रदेश महामंत्री कैलाश लुहाड़िया, कार्याध्यक्ष तल्लिन बड़जात्या, कोषाध्यक्ष राकेश पाटनी, इंदौर संभाग अध्यक्ष पवन पाटोदी एवं श्रुत संवर्धनी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रकुमार सेठी ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत प्रदेशभर में महासभा की विभिन्न शाखाओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से आमजन को प्राचीन धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के महत्व से परिचित कराया जाएगा। साथ ही विरासत को सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
