ग्वालियर के मुरार में मैथिल ब्राह्मण समाज का भव्य अन्नकूट महोत्सव, राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का लिया संकल्प
मदन मोहन जी मंदिर में हुआ आयोजन
Gwalior । मैथिल ब्राह्मण समाज मित्र मंडल मुरार के तत्वावधान में श्री मदन मोहन जी मंदिर, घास मंडी (मुरार) में भव्य सामाजिक अन्नकूट एवं चिंतन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। मित्र मंडल के अध्यक्ष साकेत कुमार झा और समस्त पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर में श्री हनुमान जी महाराज के सामूहिक सुंदरकांड पाठ से हुआ। समाज बंधुओं ने इसमें पूरी भक्ति भावना के साथ भाग लिया।
सामाजिक संगोष्ठी में उमड़े समाज बंधु
सुंदरकांड पाठ के बाद एक विशेष सामाजिक संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें मुरार, हजीरा, लश्कर सहित संपूर्ण ग्वालियर अंचल से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। आयोजन में समाज के सर्वांगीण विकास पर गंभीर चर्चा हुई।
अतिथियों ने बढ़ाया समाज का उत्साह
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल और ग्वालियर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि ग्वालियर शहर में मैथिल ब्राह्मण समाज की संख्या काफी अधिक है। उन्होंने समाज बंधुओं से राजनीतिक क्षेत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। साथ ही भरोसा दिलाया कि समाज को जहां भी उनके सहयोग की जरूरत होगी, वे हमेशा तत्पर रहेंगे।

एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी का संकल्प
संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति के लिए उसका शिक्षित और संगठित होना बेहद जरूरी है। इस अवसर पर सभी ने अनेकता में एकता का परिचय देते हुए जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक क्षेत्र में समाज की पकड़ मजबूत करने और अपनी सशक्त पहचान बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
महासभा पदाधिकारियों ने की सराहना
आयोजन में श्री मैथिल ब्राह्मण महासभा भारत के पदाधिकारी भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने मुरार मित्र मंडल द्वारा किए जा रहे रचनात्मक और सामाजिक कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही भविष्य में भी संगठन को पूर्ण सहयोग और समर्थन देने का आश्वासन दिया।
अन्नकूट प्रसादी और आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं और समाज बंधुओं ने श्री गिरिराज भगवान के अन्नकूट प्रसाद को ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए अध्यक्ष साकेत कुमार झा के साथ नंदकिशोर झा, घनश्याम झा, नरेंद्र झा, राजेश झा, प्रमोद झा ‘पिंकू’, मनोज झा, राजू झा, नितिन झा, नरेश झा, संजीव झा, भागीरथ झा, लालचंद झा और मित्र मंडल के सभी सदस्यों ने समाज बंधुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।
