—Advertisement—

Dev Uthani Ekadashi 2026: 20 नवंबर को जागेंगे भगवान विष्णु, चातुर्मास होगा समाप्त; 21 नवंबर से शुरू होंगे विवाह के मांगलिक आयोजन

Author Picture
Published On: 18 November 2026
aaaaa 1

—Advertisement—

Dev Uthani Ekadashi 2026: 20 नवंबर को जागेंगे भगवान विष्णु, चातुर्मास होगा समाप्त; 21 नवंबर से शुरू होंगे विवाह के मांगलिक आयोजन

मुरैना (मनोज जैन नायक)। हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है। विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी इसी पर्व के बाद होती है। इस वर्ष देवउठनी एकादशी 20 नवंबर शुक्रवार को मनाई जाएगी। वहीं, एकादशी तिथि के क्षय के कारण स्मार्त और वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु अलग-अलग दिन व्रत रखेंगे। तुलसी विवाह का आयोजन 21 नवंबर शनिवार को किया जाएगा।

एकादशी तिथि के क्षय से दो दिन मनाया जाएगा व्रत

वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य डॉ. हुकुमचंद जैन के अनुसार, इस वर्ष एकादशी तिथि के क्षय के कारण 20 नवंबर को दशमी युक्त एकादशी रहेगी। इस दिन स्मार्त संप्रदाय के श्रद्धालु देवप्रबोधिनी एकादशी का व्रत रखेंगे, जबकि वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु 21 नवंबर शनिवार को एकादशी व्रत करेंगे।

पंचांग के अनुसार, एकादशी तिथि 20 नवंबर शुक्रवार को सुबह 7 बजकर 16 मिनट से प्रारंभ होगी और 21 नवंबर शनिवार को सुबह 6 बजकर 32 मिनट तक रहेगी। व्रत का पारण 21 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 18 मिनट से 3 बजकर 30 मिनट तक किया जा सकेगा। हालांकि भगवान विष्णु का देवोत्थान 20 नवंबर को ही होगा।

देवउठनी एकादशी से समाप्त होगा चातुर्मास

डॉ. जैन ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी देवशयनी एकादशी से चार माह के लिए क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इसी कारण इस तिथि को देवउठनी या देवप्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है।

भगवान विष्णु के जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह, गृह प्रवेश, यज्ञ, धार्मिक अनुष्ठान सहित अन्य शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। इस अवसर पर तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराने की भी परंपरा है।

कैसे करें भगवान विष्णु की पूजा?

देवउठनी एकादशी के दिन सुबह स्नान आदि से निवृत्त होकर भगवान विष्णु का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लेना चाहिए। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा के सामने दीपक जलाकर पीले पुष्प, फल, तुलसी दल और पंचामृत अर्पित करना चाहिए।

इस दिन विष्णु सहस्रनाम और एकादशी व्रत कथा का पाठ करना शुभ माना जाता है। शाम को शंख और घंटियां बजाकर भजन-कीर्तन के साथ भगवान विष्णु को जगाने की परंपरा निभाई जाती है। श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हैं।

21 नवंबर को होगा तुलसी विवाह, शुरू होंगे सहालग

ज्योतिषाचार्य डॉ. जैन के अनुसार, इस वर्ष तुलसी विवाह 21 नवंबर शनिवार को आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विवाह समारोहों और अन्य मांगलिक आयोजनों की शुरुआत होगी। पंचांग के अनुसार नवंबर 2026 से जुलाई 2027 तक विवाह के प्रमुख मुहूर्त निर्धारित किए गए हैं।

नवंबर और दिसंबर 2026 के विवाह मुहूर्त

  • नवंबर 2026: 21, 22, 24, 25, 26 और 30 नवंबर।
  • दिसंबर 2026: 2, 3, 4, 5, 11 और 12 दिसंबर।

धनुर्मास: 16 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक धनुर्मास रहेगा। इस अवधि में विवाह और गृह प्रवेश सहित मांगलिक कार्य नहीं होंगे।

जनवरी से मार्च 2027 के विवाह मुहूर्त

  • जनवरी 2027: 15, 18, 19, 23, 24, 25, 26, 27, 28, 30 और 31 जनवरी।
  • फरवरी 2027: 2, 9, 10, 15, 16, 20, 21, 24, 25, 27 और 28 फरवरी।
  • मार्च 2027: 1, 2, 3, 4, 9, 10 और 11 मार्च।

होलाष्टक: 15 मार्च से 22 मार्च 2027 तक होलाष्टक रहेगा। इस दौरान विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाएंगे।

मीन मलमास: 15 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक सूर्य के मीन राशि में रहने के कारण मीन मलमास रहेगा। इस अवधि में विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों के मुहूर्त नहीं होंगे।

अप्रैल से जुलाई 2027 के विवाह मुहूर्त

  • अप्रैल 2027: 18, 19, 20, 21, 23, 24, 25, 26, 27 और 28 अप्रैल।
  • मई 2027: 3, 7, 8, 9, 17, 18, 19, 20, 21, 22, 23, 24, 25, 30 और 31 मई।
  • जून 2027: 1, 5, 11, 12, 13, 16, 17, 19, 27 और 28 जून।
  • जुलाई 2027: 8, 9, 10, 11 और 12 जुलाई।

जुलाई 2027 में फिर योगनिद्रा में जाएंगे भगवान विष्णु

zsडॉ. हुकुमचंद जैन के अनुसार, 14 जुलाई 2027 बुधवार को आषाढ़ शुक्ल एकादशी के अवसर पर भगवान विष्णु पुनः चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाएंगे। इसके बाद 10 नवंबर 2027 बुधवार को कार्तिक शुक्ल एकादशी पर भगवान विष्णु जागेंगे। इस तरह देवउठनी एकादशी से शुरू होने वाले मांगलिक आयोजनों का सिलसिला अगले चातुर्मास तक जारी रहेगा।

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp