रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों पर कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में हुआ था पुतला दहन, कांग्रेस ने एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन
कोमल अहिरवार (जिला ब्यूरो चीफ)
दमोह। जिला कांग्रेस कमेटी ने दमोह स्थित कांग्रेस कार्यालय, जबलपुर नाका पर पत्रकारवार्ता आयोजित कर किसानों के सम्मान और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित धमकी भरे बयानों को लेकर अपनी बात रखी। पत्रकारवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानक पटेल ने दमोह सांसद राहुल सिंह पर बिना तथ्यों की जांच किए सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर धमकी भरे बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांधीवादी विचारधारा में विश्वास करती है और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने में भरोसा रखती है।
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों के लिए कथित तौर पर ‘नशेड़ी’ और ‘गंजेड़ी’ जैसे अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस टिप्पणी से किसानों, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई थीं। इसी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर किसान कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 15 नवंबर 2026 को दोपहर 2:30 बजे दमोह सांसद राहुल सिंह के कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण तरीके से रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का पुतला दहन किया था।
पुतला दहन कार्यक्रम को लेकर सांसद के बयान पर जताई आपत्ति
कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि पुतला दहन कार्यक्रम की पूर्व सूचना डिप्टी कलेक्टर, नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडेय, दमोह कोतवाली टीआई मनीष कुमार और तहसीलदार को दी गई थी। प्रशासन को सूचना दिए जाने के बाद कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी मौजूद थी।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस विरोध प्रदर्शन के बाद दमोह सांसद राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चुनौती दी और कहा कि वे एक सप्ताह पहले बताकर आएं, उनमें कितना दम है, वे उनसे निपटने के लिए तैयार हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने सभी वीडियो देख लिए हैं और उन्हें पता है कि किससे किस प्रकार निपटना है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने इन बयानों को धमकी भरा बताते हुए आपत्ति जताई। उनका कहना है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की ओर से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे बयान सामाजिक तनाव और कानून व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियां उत्पन्न कर सकते हैं।
मानक पटेल बोले- हम गांधी के विचारों पर चलने वाले लोग
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानक पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांधीजी के विचारों और अहिंसा के सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के किसी कार्यकर्ता से गलती होती है तो पार्टी उसका जवाब भी गांधीवादी तरीके से देगी। उन्होंने कहा कि हम अपने कार्यकर्ताओं को लेकर किसी प्रकार की हिंसक प्रतिक्रिया में विश्वास नहीं रखते, बल्कि जरूरत पड़ने पर सम्मान और शांति के रास्ते को अपनाएंगे।
मानक पटेल ने सांसद राहुल सिंह के कथित बयानों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस तरह की भाषा गांधीवादी विचारधारा के विपरीत है। उन्होंने सांसद की विचारधारा को लेकर भी सवाल उठाए और गोडसे की विचारधारा से जोड़कर अपनी राजनीतिक टिप्पणी की।
नितिन मिश्रा ने भी लगाए आरोप
पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस महासचिव नितिन मिश्रा ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि कांग्रेस के खिलाफ ज्ञापन देने पहुंचे कुछ लोगों द्वारा गांधीवादी विचारधारा से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गुंडा कहा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों पर आपराधिक मामले होने के बावजूद उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। हालांकि, इन आरोपों के संबंध में पत्रकारवार्ता में कोई विस्तृत दस्तावेजी जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को सरकार और जनप्रतिनिधियों के बयानों के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। यदि किसी मंत्री या सांसद द्वारा किसानों अथवा किसी अन्य वर्ग के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाता है, तो विपक्ष का दायित्व है कि वह लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से अपनी आपत्ति दर्ज कराए।
एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन


पत्रकारवार्ता के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक दमोह के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें सांसद के कथित बयानों पर आपत्ति जताते हुए कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भविष्य में किसी भी कार्यकर्ता के साथ अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।
इस दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रत्नचंद जैन, राव लाखन सिंह लोधी, ब्रजेन्द्र लोधी, रजनी ठाकुर, खिल्लू ठाकुर, रोहन पाठक, प्रदीप खटीक, अमर सिंह लोधी, शैलेन्द्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
