अनूपपुर के ऐतिहासिक मड़फा तालाब में 15 और 16 नवंबर को छठ महापर्व मनाया जाएगा। पूजा घाटों की सफाई, प्रकाश और टेंट की व्यवस्था पूरी, प्रशासन का मिलेगा सहयोग।
ऐतिहासिक मड़फा तालाब में छठ महापर्व की तैयारियां पूरी, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
दैनिक स्वराज वाणी
अनूपपुर (मदन मोहन मिश्रा)। नगर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पांडवकालीन सामतपुर स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल मड़फा तालाब में 15 और 16 नवंबर को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ छठ महापर्व मनाया जाएगा। छठ पूजा समिति ने आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
चार दिवसीय पर्व का शुभारंभ 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगा। 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान किया जाएगा। इसके बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे का निर्जला व्रत प्रारंभ करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को द्वितीय अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना के साथ महापर्व का समापन होगा।
