धन-संपत्ति का सदुपयोग करना ही सच्चा धर्म, दान-परोपकार से सार्थक होता है जीवन : आचार्यश्री उदारसागर
मुनिश्री उपशांतसागर ने कहा– इस धरा का इस धरा पर सब धरा रह जाएगा, साथ जाएंगे केवल अच्छे-बुरे कर्म
Morena (मनोज जैन नायक)। नगर के बड़े जैन मंदिर में आयोजित धर्मसभा में आचार्यश्री उदारसागर महाराज और मुनिश्री उपशांतसागर महाराज ने धन-संपत्ति, पुण्य कर्म और परोपकार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। संतों ने कहा कि मनुष्य को धन कमाने के साथ-साथ उसके सदुपयोग पर भी ध्यान देना चाहिए। धन-संपत्ति का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका उपयोग धार्मिक कार्यों, दान-पुण्य, जरूरतमंदों की सहायता और समाज कल्याण में किया जाए।
आचार्यश्री उदारसागर महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि धन, संपत्ति और वैभव की प्राप्ति पुण्य के उदय से होती है। मनुष्य को समझना चाहिए कि जीवन में मिलने वाली सुख-सुविधाएं और अनुकूल परिस्थितियां केवल वर्तमान के परिश्रम का परिणाम नहीं, बल्कि पूर्व में अर्जित पुण्य कर्मों के उदय से भी प्राप्त होती हैं। इन्हीं परिस्थितियों के कारण व्यक्ति को धर्म आराधना और परोपकार के अवसर मिलते हैं।
धन कमाने से अधिक जरूरी है उसका सदुपयोग
आचार्यश्री ने कहा कि कुछ लोग धन को हाथ का मैल समझकर यह मान लेते हैं कि पैसा कभी भी कमाया जा सकता है, लेकिन यह उनकी गलतफहमी है। धन अर्जित करना महत्वपूर्ण है, मगर उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है उसका सही उपयोग करना। यदि किसी व्यक्ति के पास पर्याप्त धन-संपत्ति है, लेकिन वह धार्मिक कार्यों, दान-पुण्य, परोपकार और समाजहित में उसका उपयोग नहीं करता, तो वह अपने पास उपलब्ध पुण्य के अवसर को व्यर्थ गंवा रहा है।
उन्होंने खेत, बीज और पानी का उदाहरण देते हुए समझाया कि यदि किसी व्यक्ति के पास खेती के सभी साधन उपलब्ध हों, लेकिन वह खेत में बीज न बोए, तो उसे फसल प्राप्त नहीं हो सकती। इसी प्रकार धन-संपत्ति होने के बावजूद यदि व्यक्ति उसका उपयोग धर्म और परोपकार में नहीं करता, तो वह पुण्य अर्जन के अवसर से वंचित रह जाता है। धन की सार्थकता जरूरतमंदों की सहायता, धार्मिक प्रभावना और समाज के कल्याण में ही है।
आचार्यश्री ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान और धर्म आराधना के अवसर मिलना भी सौभाग्य की बात है। कई लोग ऐसे अवसर मिलने के बावजूद उनसे बचने के बहाने तलाशते हैं। मनुष्य को अपनी धन-संपदा का उपयोग सदैव सद्कार्यों, परोपकार और धर्म प्रभावना में करना चाहिए। क्योंकि अंतिम समय में कोई भी वैभव मनुष्य के साथ नहीं जाता, उसके साथ केवल उसके अच्छे-बुरे कर्म ही जाते हैं।

धन संग्रह नहीं, उसका सदुपयोग है वास्तविक उपलब्धि
मुनिश्री उपशांतसागर महाराज ने धर्मोपदेश देते हुए कहा कि मनुष्य के जीवन में केवल धन का संग्रह करना सफलता नहीं है, बल्कि धन का सदुपयोग करके जीवन को सार्थक बनाना ही वास्तविक उपलब्धि है। जैन दर्शन के अनुसार पुण्य और पाप दोनों ही कर्मबंध के कारण हैं, इसलिए पुण्य के उदय से प्राप्त साधनों का उपयोग धर्म, दान, सेवा और संयम के मार्ग में करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम समय में मनुष्य को यह समझ आता है कि इस धरा का इस धरा पर सब धरा रह जाएगा। जिस संपत्ति और वैभव को मनुष्य जीवनभर अपना समझकर संग्रह करता है, वह यहीं रह जाता है। उसके साथ केवल उसके कर्म जाते हैं।
मुनिश्री ने दीपक का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार दीपक स्वयं जलकर दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार धनवान व्यक्ति को भी अपनी संपत्ति का उपयोग दूसरों के जीवन में सुख, सहायता और सद्भाव का प्रकाश फैलाने के लिए करना चाहिए। यदि दीपक को ढककर रख दिया जाए, तो उसका प्रकाश किसी के काम नहीं आता। इसी तरह धन को केवल तिजोरी में बंद करके रखने से उसका सामाजिक और धार्मिक महत्व सामने नहीं आ पाता।
दान और परोपकार से मिलती है आत्मिक प्रसन्नता
मुनिश्री उपशांतसागर महाराज ने कहा कि दान करने से धन की उपयोगिता बढ़ती है और परोपकार से जीवन में संतोष एवं आत्मिक प्रसन्नता का भाव पैदा होता है। मनुष्य को यह चिंतन करना चाहिए कि जिस संपत्ति पर वह अपना अधिकार समझता है, वह स्थायी नहीं है। जैन दर्शन की अनित्य भावना हमें सिखाती है कि संसार की प्रत्येक वस्तु परिवर्तनशील है। इसलिए धन-संपत्ति के प्रति अत्यधिक मोह और अहंकार करने के बजाय उसका सदुपयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में धर्म, दया, करुणा, परोपकार और आत्मकल्याण को प्राथमिकता देनी चाहिए। धन से भौतिक सुविधाएं खरीदी जा सकती हैं, लेकिन आत्मिक शांति और मोक्षमार्ग की प्राप्ति सम्यक आचरण से ही संभव है। इसलिए जीवन में धन और धर्म के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।
धर्मसभा में संतों ने संदेश दिया कि धन-संपत्ति को केवल अपने सुख-साधनों तक सीमित न रखें, बल्कि उसका उपयोग दूसरों की सहायता और समाज के कल्याण के लिए करें। यही धन की सार्थकता और मानव जीवन का सच्चा धर्म है।
