MP Weather Update: चक्रवात अर्नब के असर से पूर्वी मध्यप्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
**सिंगरौली, रीवा, सतना, सीधी समेत कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी; भोपाल सहित पश्चिमी MP में भी बारिश के आसार**
MP Weather Update : चक्रवाती तूफान अर्नब ने पिछले कई दिनों से देश के कई हिस्सों में अपना असर दिखाया है। जिसके चलते आंध्र प्रदेश ,ओडिशा , तेलंगाना जैसे राज्यों में भारी नुकसान देखा गया है । ये चक्रवात कमजोर होकर दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर अवदाब में बदल गया है। जिसके चलते मध्यप्रदेश के मौसम में कोई खास नुकसान होने की संभावनाएं नहीं है लेकिन पूर्वी मध्यप्रदेश में भारी बारिश होने के अनुमान लगाए जा रहे है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने जैसी चेतावनियां भी जारी कर दी है।
इन जिलों में जारी है भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया और मैहर में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
इसके अलावा डिंडोरी सहित पूर्वी मध्यप्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, मैहर और मऊगंज में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। वहीं, भोपाल सहित पश्चिमी और मध्य मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
तेज हवाओं, आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
भोपाल समेत इन जिलों में भी बारिश के आसार
प्रदेश की राजधानी भोपाल के अलावा विदिशा, सीहोर, राजगढ़, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर और मुरैना में भी कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
अमरकंटक में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के शहडोल संभाग में अधिकांश स्थानों पर बारिश हुई। रीवा और जबलपुर संभागों में कुछ जगहों पर, जबकि नर्मदापुरम और सागर संभागों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अमरकंटक में सबसे ज्यादा बारिश हुई।
खंडवा सबसे गर्म, पचमढ़ी सबसे ठंडा
बारिश के बीच प्रदेश के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। खंडवा में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खरगोन में 34 डिग्री, रतलाम में 33 डिग्री और सागर में 32.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
वहीं, पचमढ़ी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहडोल संभाग में अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सावधानी बरतनी चाहिए।
