जैन सोशल ग्रुप नागदा की तीर्थ एवं प्राकृतिक दर्शन यात्रा में अभ्युदयपुरम, चोरल डेम, पातालपानी और जानापाव का भ्रमण किया गया। जानापाव में ब्रेक फेल कार को संभालकर सदस्यों ने मानवता दिखाई।
जैन सोशल ग्रुप नागदा की तीर्थ एवं प्राकृतिक दर्शन यात्रा संपन्न, जानापाव में ब्रेक फेल कार रोककर दिखाई मानवता
अभ्युदयपुरम तीर्थ में पार्श्वनाथ भगवान के दर्शन, चोरल डेम में नौकायन और पातालपानी के प्राकृतिक सौंदर्य का लिया आनंद; यादगार बना एडवेंचर टूर
नागदा। जैन सोशल ग्रुप, नागदा द्वारा आयोजित एक दिवसीय तीर्थ एवं प्राकृतिक दर्शन यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यात्रा में शामिल सदस्यों ने जहां धार्मिक आस्था के साथ तीर्थ दर्शन और पूजा-अर्चना की, वहीं प्राकृतिक स्थलों पर पहुंचकर प्रकृति के मनोरम दृश्यों का आनंद भी लिया। यात्रा के दौरान जानापाव की पहाड़ी पर ब्रेक फेल होने से पीछे की ओर आ रही एक पर्यटक की कार को ग्रुप सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए संभाला और सहायता की। इस घटनाक्रम के कारण सदस्यों ने यात्रा को यादगार ‘एडवेंचर टूर’ भी बताया।
यात्रा के दौरान सदस्यों ने अभ्युदयपुरम तीर्थ पहुंचकर पार्श्वनाथ भगवान के दर्शन, सेवा और पूजा की। धार्मिक वातावरण में सदस्यों ने भगवान के समक्ष मंगलकामना की। इसके बाद यात्रा प्राकृतिक स्थलों की ओर आगे बढ़ी।
चोरल डेम में नौकायन, पातालपानी के झरने का लिया आनंद
यात्रियों ने चोरल डेम पहुंचकर नौकायन का आनंद लिया। इसके बाद पातालपानी पहुंचकर करीब 300 फीट गहरे झरने और आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य को निहारा। यात्रा के बीच विश्राम के दौरान सदस्यों ने गीत, पैरोडी, कविता, व्यंग्य और संस्मरण प्रस्तुत कर माहौल को मनोरंजक बनाया। सूरज की तपन के बीच इन प्रस्तुतियों ने यात्रियों के उत्साह को बनाए रखा।
जानापाव में कार के ब्रेक फेल, सदस्यों ने बढ़ाए मदद के हाथ
यात्रा का सबसे रोमांचक और संवेदनशील क्षण जानापाव की पहाड़ी पर देखने को मिला। पहाड़ी पर चढ़ाई के दौरान एक अन्य पर्यटक की कार के ब्रेक फेल हो गए और कार रिवर्स में पीछे आने लगी। स्थिति को देखते हुए जैन सोशल ग्रुप के सदस्यों ने तत्काल दौड़कर कार को संभालने में मदद की और संबंधित पर्यटक को सहयोग प्रदान किया।
इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने यात्रा को रोमांचक अनुभव में बदल दिया। ग्रुप के सदस्यों ने इसे मानवता और आपसी सहयोग की भावना से जुड़ा अनुभव बताते हुए कहा कि इस घटना के कारण यात्रा को लंबे समय तक एडवेंचर टूर के रूप में भी याद रखा जाएगा।

नखराली ढाणी में राजस्थानी संस्कृति का आनंद
यात्रा के अंतिम पड़ाव में सदस्य नखराली ढाणी पहुंचे, जहां सभी ने राजस्थानी संस्कृति, परंपराओं और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। इस तरह धार्मिक आस्था, प्राकृतिक दर्शन, मनोरंजन और सेवा भावना के साथ एक दिवसीय यात्रा का समापन हुआ।
ग्रुप अध्यक्ष धर्मेन्द्र बंम एवं सचिव प्रशांत नाहर ने यात्रा को सफल बनाने के लिए संयोजक सुभाष बाफना, अनूप जैन और मनीष भण्डारी सहित दिलीप कांठेड़, श्रेणिक बम, सतीश जैन सांवेर वाले, अमित बम, रवि संघवी, सुभाष छोरिया, यशवंत धूपिया, सुरेश जैन एडवोकेट, प्रकाश चपलोत, दीपक गांग, भूमित रांका, निलेश कोठारी, ब्रजेश भटेवरा, संतोष नाहटा, राकेश ओरा, आशीष चौधरी, अमित गुगलिया, कमलेश भटेवरा और दिव्य बंम सहित सभी सदस्यों के सहयोग की सराहना की।
जैन सोशल ग्रुप ने यात्रा के सफल आयोजन के लिए ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी सदस्यों का हृदय से आभार माना। साथ ही यात्रा के दौरान जाने-अनजाने में हुई किसी भी गलती के लिए क्षमायाचना करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक, सामाजिक एवं प्राकृतिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने की भावना व्यक्त की।

