सेवा संकल्प अभियान के तहत आठनेर महाविद्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती मनाई
आठनेर। शासकीय महाविद्यालय आठनेर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना की संयुक्त इकाई द्वारा 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती एवं अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज पाटील के संरक्षण में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में ग्राम बरखेड़ की सरपंच निशा धुर्वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वरिष्ठ शिक्षक अनिल कुमार धुर्वे और वरिष्ठ पत्रकार विनोद गायकवाड़ भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्राचार्य एवं अतिथियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
गांधी और शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
प्राचार्य डॉ. सरोज पाटील ने अपने उद्बोधन की शुरुआत महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजाराम’ से की। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधी और शास्त्री के जीवन संघर्ष, विचारों और राष्ट्र सेवा की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि निशा धुर्वे ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन चरित्र से परिचित कराया। वरिष्ठ पत्रकार विनोद गायकवाड़ ने ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ गीत के साथ अपने वक्तव्य की शुरुआत की और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

डॉ. निर्मल कुमार विश्वास ने ‘दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल’ जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। उन्होंने विद्यार्थियों से शांति, अहिंसा और स्वच्छता को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र दीपक योगी एवं उनके सहयोगियों ने स्वच्छता को केंद्र में रखकर नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता एवं राष्ट्र सेवा से संबंधित शपथ दिलाई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मंच संचालन डॉ. विकेश कुमार सिंह ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. साधना ठाकुर ने किया।
