सिविल न्यायालय सिलवानी में ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
लोकेशन सिलवानी, ब्यूरो चीफ रायसेन उमेश चौबे
गांधी जयंती पर स्वच्छता एवं पर्यावरण विषय पर हुई प्रतियोगिता, 15 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
Silwani । माननीय उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायसेन राकेश मोहन प्रधान के मार्गदर्शन में कर्मचारियों के स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण और सर्वांगीण कल्याण के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ कार्यक्रम के अंतर्गत सिविल न्यायालय सिलवानी स्थित मध्यस्थता भवन में स्वच्छता एवं पर्यावरण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में न्यायिक अधिकारियों, न्यायालय कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चित्रकला के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के महत्व से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया।
मां सरस्वती की पूजा के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं अध्यक्ष, तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी सुनीता पचौरिया ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायपालिका से जुड़े सभी घटकों के बीच आपसी सौहार्द, टीम भावना, सकारात्मक कार्य वातावरण और संस्थागत सहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के बीच रचनात्मक सहभागिता का माध्यम बताया।
15 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
स्वच्छता एवं पर्यावरण विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कुल 15 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में हंसिका कलोसिया ने प्रथम, दिव्यांशी श्रीवास्तव ने द्वितीय और धानी श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।
न्यायालय कर्मचारी और अधिवक्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ अध्यक्ष जी.एस. रघुवंशी, अधिवक्ता अतुल श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव, संदीप जैन, मनोज राजपूत एवं नितिन सोनी सहित न्यायालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता के साथ न्यायिक संस्थान से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के बीच सकारात्मक सहभागिता का संदेश दिया गया।
