पत्रकारों की समस्याओं के निराकरण को लेकर 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन, राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद ने की शीघ्र निर्णय की मांग
अनूपपुर। प्रदेश के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों की समस्याओं के निराकरण, सुरक्षा, सम्मान एवं कल्याण को लेकर राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं आयुक्त जनसंपर्क, भोपाल के नाम 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कलेक्टर अनूपपुर के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
लोकतंत्र के स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका
परिषद ने ज्ञापन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में शासन, प्रशासन और आमजन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार सीमित संसाधनों और विभिन्न चुनौतियों के बीच जनहित के मुद्दों को सामने लाते हैं। इसके बावजूद पत्रकारों से जुड़ी अनेक समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें
परिषद के जिलाध्यक्ष अमित शुक्ला ने बताया कि ज्ञापन में पत्रकार हितों से जुड़े इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है:
- पत्रकार अधिमान्यता प्रक्रिया में सुधार, उसे अधिक सरल और पारदर्शी बनाना
- श्रद्धा निधि एवं वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना का प्रभावी क्रियान्वयन
- पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना
- स्वास्थ्य सुविधा एवं कैशलेस उपचार, तथा असामयिक मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सहायता
- पत्रकार आवास एवं पत्रकार भवन के लिए ठोस व्यवस्था
- आर्थिक सहायता एवं प्रभावी विज्ञापन नीति
- कार्य के दौरान यात्रा सुविधा एवं टोल में छूट
- पत्रकार कल्याण एवं शिकायत निवारण समितियों को प्रभावी बनाना
- ग्रामीण एवं सक्रिय पत्रकारों को प्रोत्साहन के लिए विशेष प्रावधान
- पत्रकारों के हितों से जुड़े मामलों के समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था
- प्रदेश में समग्र पत्रकार कल्याण नीति तैयार करना
“सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक कल्याण के लिए नीतियां जरूरी”
जिलाध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी जनहित, प्रशासनिक व्यवस्था, ग्रामीण समस्याओं और सामाजिक सरोकारों को सामने लाने का दायित्व निभाते हैं। ऐसे में उनके सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक कल्याण के लिए प्रभावी एवं व्यावहारिक नीतियां आवश्यक हैं। परिषद ने शासन से मांग की है कि 11 सूत्रीय मांग-पत्र पर गंभीरता और संवेदनशीलता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। परिषद का कहना है कि सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण तथा आवश्यक सामाजिक-आर्थिक संरक्षण मिलने पर पत्रकार और अधिक निर्भीकता से जनहित के मुद्दे उठा सकेंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में ये रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने वालों में परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी राजेश शुक्ला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कैलाश पांडेय, संभागीय अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा और जिलाध्यक्ष अमित शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष संदीप द्विवेदी, जैतहरी विकासखंड अध्यक्ष बद्रीनाथ तिवारी, संरक्षक मंडल अध्यक्ष दयाशंकर राव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश तिवारी (मोन्टी), उपाध्यक्ष राजेश चौधरी, सह सचिव हरिचरण उपाध्याय, राजेश पटेल और ब्लॉक कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद नजीर भी मौजूद रहे। अनूपपुर ब्लॉक के अध्यक्ष दिगम्बर शर्मा, उपाध्यक्ष दिनेश केवट, शंभू दयाल कनौजिया, गिरीश राठौर और राहुल कुशवाहा सहित अन्य पत्रकार एवं संगठन सदस्य भी उपस्थित रहे।
संवाददाता: मदन मोहन मिश्रा, अनूपपुर
