जनता की चौखट पर पहुंची पुलिस, जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
नागौद थाना प्रभारी मनोज सोनी के नेतृत्व में ग्राम सड़वा में हुआ आयोजन, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों से संवाद
Nagod । थाना क्षेत्र के ग्राम सड़वा में गुरुवार को पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया। नागौद थाना प्रभारी मनोज सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। चौपाल के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और अपराधों की रोकथाम से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
थाना प्रभारी मनोज सोनी ने ग्रामीणों से पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या अप्रिय घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीणों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दे पुलिस अधिकारियों के सामने रखे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की बात सुनते हुए संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
आपसी विश्वास मजबूत करने पर जोर
चौपाल के माध्यम से पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद एवं आपसी विश्वास को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
पुलिस का कहना है कि आमजन की सक्रिय भागीदारी और समय पर सूचना मिलने से अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
संवाददाता — अमन त्रिपाठी
