नशामुक्त युवा अभियान के तहत रतलाम में स्वास्थ्य जांच और पोषण जागरूकता कार्यक्रम
रतलाम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत मेरा युवा भारत रतलाम, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जांच एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम राजाशंकर शाह सुखलाल शाह शासकीय सी. बालक छात्रावास, रिंग रोड, बिरियाखेड़ी में आयोजित हुआ। इस दौरान छात्रावास में रहने वाले युवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने युवाओं को संतुलित आहार, पोषण, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी।
नशे के दुष्प्रभावों को लेकर किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मध्य प्रदेश राज्य कैंसर सोसायटी के सदस्य अशोक अग्रवाल ने युवाओं को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने तंबाकू सेवन से कैंसर सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों के जोखिम को लेकर भी जागरूक किया।

चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
स्वास्थ्य जांच के दौरान डॉ. केशव प्रसाद, डॉ. हर्षा चौहान, डॉ. किरण गोस्वामी और डॉ. निलेश लखेटा ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने युवाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच करने के साथ स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम में जनजातीय बालक छात्रावास के वार्डन संजय भगोरा का भी सहयोग और सहभागिता रहा।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत रतलाम के जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी तथा छात्रावास के युवा मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य, पोषण और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
