पड़ाना में गणेशोत्सव के दौरान धूमधाम से निकली भगवान शिव की बारात, बरसते पानी में भी झूमे बाराती
पड़ाना। नगर में 10 दिवसीय गणेशोत्सव हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। गुरुवार की शाम माली मोहल्ला में फूल माली समाज नवयुवक गणेश उत्सव समिति के सदस्यों ने भगवान शंकर की बारात निकाली। ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ बरसते पानी के बीच घोड़े पर सवार भगवान भोलेनाथ की थिरकती बारात ने सबका ध्यान खींचा।
धूमधाम से निकली भगवान शंकर की बारात
फूल माली समाज नवयुवक गणेश उत्सव समिति के सदस्यों द्वारा निकाली गई इस बारात में बाराती के रूप में सजे भूत-प्रेतों ने कार्यक्रम की भव्यता बढ़ा दी। बारात विभिन्न मोहल्लों से होते हुए हाट बाजार, सदर बाजार, गांधी चौक, बस स्टैंड और पीपली चौराहा होकर माली मोहल्ला पहुंची, जहां भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई।
तोरण, वरमाला और पाणिग्रहण संस्कार
पंडाल के मंच पर पहुंचने के दौरान तोरण हुआ और बारात के लोगों का स्वागत किया गया। मंच पर वैदिक रीति-रिवाज के साथ वरमाला, पाणिग्रहण संस्कार और अन्य रस्में पूरी की गईं। इस दौरान मोहल्ले की महिलाओं ने पैर पूजन कर राशि भेंट की।
पटेल मोहल्ला में बच्चियों की नृत्य प्रस्तुति
पटेल मोहल्ला स्थित सांवरिया सेठ बाल गणेश उत्सव समिति के गणेश पंडाल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चियों ने भक्ति एवं धार्मिक गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। पंडाल में रोजाना भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
नगर के विभिन्न पंडालों में भक्ति का माहौल
नगर के सदर बाजार स्थित बड़े गणपति मंदिर सहित अन्य पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। सदर बाजार में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ मोदक और लड्डुओं का भोग लगाया जा रहा है। पिपली चौराहा, पटेल मोहल्ला, पंवार मोहल्ला, आवास कॉलोनी सहित अन्य स्थानों पर भी प्रतिमाओं को खूबसूरती से पंडालों में सजाकर पूजा-अर्चना की जा रही है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धार्मिक आयोजन भी किए जा रहे हैं।
