Morena: पर्यूषण पर्व के प्रथम दिन हुई उत्तम क्षमा धर्म की आराधना, आचार्यश्री उदारसागर बोले – इच्छा पूरी न होने से जन्म लेता है क्रोध
Morena (मनोज जैन नायक)। में पर्यूषण पर्व के अंतर्गत प्रथम धर्म उत्तम क्षमा पर श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में एक विशेष धर्मसभा का आयोजन किया गया। इसे संबोधित करते हुए आचार्य श्री 108 उदारसागर महाराज ने कहा कि जैन दर्शन हमें क्रोध का नहीं, बल्कि क्षमा का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में जब इच्छाएं पूरी नहीं होतीं, तब उसके भीतर क्रोध उत्पन्न होता है। अपनी इच्छा को सर्वोपरि मानना ही क्रोध का प्रमुख कारण बन जाता है।
परिस्थितियों को स्वीकार करने की कला सीखें – आचार्यश्री
आचार्य श्री ने कहा कि व्यक्ति को परिस्थितियों को स्वीकार करने की कला सीखनी चाहिए, क्योंकि जीवन में हर इच्छा पूरी हो, यह संभव नहीं है। जो व्यक्ति इच्छा के विपरीत परिस्थिति आने पर भी अपने मन को संभाल लेता है, वही क्षमा धर्म का वास्तविक साधक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रोध करके व्यक्ति सामने वाले को जितना नुकसान पहुंचाता है, उससे कहीं अधिक वह स्वयं की शांति और विवेक को नष्ट करता है।
सच्ची क्षमा क्या है
आचार्य श्री ने बताया कि उत्तम क्षमा केवल किसी से ‘माफ कर देना’ कह देने का नाम नहीं है, बल्कि मन में सामने वाले के प्रति द्वेष और वैरभाव को समाप्त करना ही सच्ची क्षमा है। जिसने हमें कष्ट दिया, उसके प्रति भी मैत्रीभाव रखना क्षमा धर्म की पहचान है। उन्होंने कहा कि क्रोध क्षणिक है, लेकिन उसके परिणाम लंबे समय तक रहते हैं; जबकि क्षमा क्षणिक प्रयास मांगती है, पर जीवनभर शांति देती है। इसलिए हमें क्रोध को अपना स्वभाव नहीं, बल्कि अपनी कमजोरी समझकर उसे दूर करने का प्रयास करना चाहिए। धर्मसभा में संतों ने साधर्मीजनों से आह्वान किया कि उत्तम क्षमा धर्म को केवल पर्व के दिनों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने व्यवहार और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

मुनिश्री उपशांतसागर ने बताई क्रोध की जड़
मुनिश्री उपशांतसागर महाराज ने कहा कि शारीरिक अक्षमता अथवा अपनी सीमाओं के कारण भी व्यक्ति के भीतर चिड़चिड़ापन और क्रोध पैदा हो सकता है। ऐसी स्थिति में स्वयं को दोष देने के बजाय अपनी परिस्थिति को समझना और मन को संयमित रखना आवश्यक है। क्रोध समस्या का समाधान नहीं करता, बल्कि समस्या को और बढ़ा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग बंदर जैसी चंचल प्रवृत्ति के होते हैं, ऐसे व्यक्ति को बार-बार समझाने या शिक्षा देने के बजाय पहले उसके मन की स्थिति और ग्रहण करने की क्षमता को समझना चाहिए, क्योंकि उपदेश तभी सार्थक होता है जब सामने वाला उसे ग्रहण करने के लिए तैयार हो।
बंदर और गौरिया का दृष्टांत
मुनिश्री ने एक रोचक दृष्टांत के माध्यम से अपनी बात समझाई। उन्होंने बताया कि बरसात में एक बंदर भीग रहा था, जिसे अपने घोंसले से एक गौरिया देख रही थी। गौरिया ने बंदर से कहा कि वह सूरत से आदमी जैसा दिखता है, तो घर या घोंसला क्यों नहीं बनाता। यह सुनते ही बंदर क्रोधित हो गया और उसने गुस्से में गौरिया का घोंसला तहस-नहस कर दिया, यह कहते हुए कि वह अपना घर भले न बना सके, लेकिन दूसरे का घर तोड़ सकता है। मुनिश्री ने इस दृष्टांत के जरिए समझाया कि सीख भी हर किसी को नहीं देनी चाहिए, अन्यथा अपना ही नुकसान होता है। इसलिए दूसरों को बदलने से पहले स्वयं के भीतर क्षमा, धैर्य और संयम का विकास करना चाहिए। मुनिश्री ने कहा कि क्रोध वास्तव में अपनी ही मूर्खता का परिणाम है। जब विवेक पर आवेश हावी हो जाता है, तब व्यक्ति ऐसा व्यवहार कर बैठता है जिसका बाद में उसे पश्चाताप होता है।
जलाभिषेक और शांतिधारा के साथ हुई पर्व की शुरुआत
जैन धर्मावलम्बियों के सबसे बड़े त्योहार पर्यूषण पर्व पर बुधवार को आचार्यश्री उदारसागरजी महाराज एवं मुनिश्री उपशांतसागरजी महाराज के पावन सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य पंडित महेंद्रकुमार शास्त्री (पूर्व प्राचार्य) के निर्देशन में प्रातःकालीन बेला में भगवान आदिनाथ स्वामी की प्रतिमा को पांडुक शिला पर विराजमान कर जलाभिषेक, शांतिधारा के पश्चात संगीतमय नित्यमह पूजन एवं उत्तम क्षमा धर्म की आराधना की गई। प्रथम कलश से अभिषेक एवं शांतिधारा करने का सौभाग्य पूर्व प्राचार्य एवं अध्यक्ष अनिलकुमार अंशुल जैन को प्राप्त हुआ, वहीं चार कलशों से अभिषेक का सौभाग्य वीरेंद्र जैन, विनोद जैन, मनोज जैन नायक और सीए गौरव जैन को प्राप्त हुआ।

आज होगी उत्तम मार्दव धर्म की आराधना
दसलक्षण पर्व में प्रतिदिन धर्म के दसलक्षणों की आराधना, पूजा-भक्ति और स्वाध्याय किया जाता है। बुधवार को उत्तम क्षमा धर्म पर आचार्यश्री उदारसागरजी महाराज एवं मुनिश्री उपशांतसागरजी महाराज का व्याख्यान हुआ। गुरुवार को उत्तम मार्दव धर्म की आराधना, पूजन, भक्ति और स्वाध्याय किया जाएगा, जबकि पर्यूषण पर्व के तृतीय दिन शुक्रवार को उत्तम आर्जव धर्म की उपासना होगी।

