खरगोन में अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान, ड्रोन से तलाशे गए ठिकाने
दैनिक स्वराज वाणी संवाददाता : गौतम साल्वे, जिला ब्यूरो चीफ मंडलेश्वर
सोमाखेड़ी के दुर्गम इलाकों में सुबह-सुबह कार्रवाई
महेश्वर। खरगोन जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ प्रशासन, आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। महेश्वर क्षेत्र के संवेदनशील ग्राम सोमाखेड़ी और आसपास के दुर्गम इलाकों में बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे ड्रोन कैमरों की मदद से सर्चिंग अभियान शुरू किया गया। ड्रोन के जरिए जंगल और झाड़ियों में छिपे अवैध शराब निर्माण के ठिकानों को चिन्हित कर टीमों ने दबिश दी।
16 लाख रुपये की शराब और सामग्री पर कार्रवाई
अभियान के दौरान संयुक्त दल ने 320 लीटर कच्ची हाथभट्टी शराब जब्त की। इसके साथ ही करीब 15,200 किलोग्राम महुआ लहान नष्ट किया गया। जब्त शराब और नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है।
23 प्रकरण दर्ज, 8 आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के बाद मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च) के तहत कुल 23 प्रकरण दर्ज किए गए। मामले में पुलिस और आबकारी विभाग ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से विधिवत नमूने लेने के बाद भारी मात्रा में मिले महुआ लहान को नष्ट कर दिया गया।

पहले भी टीमों पर हो चुके हैं हमले
सोमाखेड़ी को अतिसंवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। यहां पूर्व में अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश देने पहुंची आबकारी और पुलिस टीमों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी को देखते हुए इस बार ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया गया, जिससे दुर्गम और जोखिम वाले इलाकों में छिपे ठिकानों की पहचान आसानी से की जा सके।
करीब 100 अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल
यह संयुक्त अभियान प्रमुख सचिव अमित राठौर, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना, कलेक्टर गुरु प्रसाद और पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देश पर चलाया गया। उपायुक्त आबकारी इंदर सिंह जामोद और सहायक आयुक्त आबकारी बृजेन्द्र कोरी के मार्गदर्शन में आबकारी नियंत्रक सजेंद्र मोरी के नेतृत्व में कार्रवाई हुई।
अभियान में इंदौर संभागीय आबकारी उड़नदस्ता, खरगोन आबकारी विभाग और मंडलेश्वर, महेश्वर व करही थाना पुलिस सहित करीब 100 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का संकेत
इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के खिलाफ बड़े अभियानों में से एक माना जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की ओर से अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
