—Advertisement—

वात्सल्य भाव से ही तीर्थंकर प्रकृति का बंध होता है : आचार्यश्री उदारसागर

Author Picture
Published On: 9 September 2026
आचार्यश्री उदारसागर

—Advertisement—

वात्सल्य भाव से ही तीर्थंकर प्रकृति का बंध होता है : आचार्यश्री उदारसागर

साधर्मियों के सुख-दुःख में सहभागी बनना ही सच्चे वात्सल्य की पहचान
मुरैना (मनोज जैन नायक) ।
 परम पूज्य आचार्यश्री 108 उदारसागर महाराज ने बड़े जैन मंदिर में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए वात्सल्य अंग की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वात्सल्य केवल किसी के प्रति प्रेम या मधुर व्यवहार करने का नाम नहीं है, बल्कि यह आत्मा की निर्मलता, निष्कपटता और आत्मीयता से उत्पन्न होने वाला श्रेष्ठ भाव है। साधर्मियों के प्रति अंतरंग और बहिरंग दोनों रूपों में वात्सल्य का भाव होना चाहिए।

आचार्यश्री ने कहा कि जहां प्रेम में स्वार्थ, छल-कपट और दिखावा नहीं होता, वहीं वास्तविक वात्सल्य प्रकट होता है। तीर्थंकर प्रकृति का बंध 13वें गुणस्थान में होता है और इसके निर्माण में वात्सल्य भाव की महत्वपूर्ण भूमिका मानी गई है। जिस प्रकार सूर्य की किरणों का स्पर्श होते ही सरोवर में कमल खिल उठता है, उसी प्रकार निर्मल वात्सल्य आत्मा में श्रेष्ठ भावों को विकसित करता है।

वात्सल्य में प्रेम के साथ विवेक भी जरूरी

आचार्यश्री ने भौंरे का उदाहरण देते हुए कहा कि भौंरा लकड़ी तक को छेदने की क्षमता रखता है, लेकिन कमल के प्रति अनुराग के कारण उसकी पंखुड़ियों के बीच ही मस्त होकर रह जाता है। कमल बंद हो जाने पर भी वह उसे छोड़ना नहीं चाहता और इसी मोह में उसके प्राण तक चले जाते हैं। उन्होंने समझाया कि प्रेम जीवन के लिए आवश्यक है, लेकिन प्रेम के साथ विवेक भी होना चाहिए।

दो हिरणों का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि जंगल में दो मृत हिरण मिले, जबकि पास में पानी उपलब्ध था। दोनों एक-दूसरे से कहते रहे कि पहले तुम पानी पी लो। एक-दूसरे के प्रति अत्यधिक प्रेम के कारण दोनों पानी पीने नहीं गए और अंततः उनके प्राण चले गए। आचार्यश्री ने कहा कि वात्सल्य में सामने वाले के सुख-दुःख की चिंता अपने समान होनी चाहिए, लेकिन प्रेम ऐसा हो जो दोनों के कल्याण का कारण बने।

WhatsApp Image 2026 09 09 at 1.18.03 AM

कौए से सीखें मिल-जुलकर रहने की भावना

उन्होंने कहा कि कौआ भोजन मिलने पर अकेले नहीं खाता, बल्कि आवाज लगाकर दूसरे कौओं को भी बुलाता है। हमें भी इससे मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा लेनी चाहिए। समाज में कौन सुखी है, कौन दुखी है और कौन आर्थिक या अन्य परेशानी से गुजर रहा है, इसकी जानकारी रखना तथा जरूरतमंद के काम आना ही सच्चे वात्सल्य की पहचान है।

आचार्यश्री ने कहा कि समाज में किसी व्यक्ति को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए। साधर्मी के सुख में प्रसन्न होना और उसके दुःख में उसके साथ खड़ा होना ही साधर्मी वात्सल्य है।

प्रेम से जीता जा सकता है मन

सुगनचन्द्र जी सेठ का प्रसंग सुनाते हुए आचार्यश्री ने बताया कि एक सेठ ने विवाह समारोह के अवसर पर समाज के लोगों के घर मिठाई भिजवाई। एक व्यक्ति ने मिठाई लेने से मना कर दिया। सेठ स्वयं उसके पास पहुंचे और प्रेमपूर्वक उसके यहां रखे चने खाए। इसके बाद आत्मीयता से मिठाई स्वीकार करने का आग्रह किया। सेठ के व्यवहार ने उस व्यक्ति का मन जीत लिया।

आचार्यश्री ने कहा कि यही वास्तविक वात्सल्य है। प्रेम से वह काम हो सकता है, जो दबाव और अधिकार से संभव नहीं होता।

WhatsApp Image 2026 09 09 at 1.18.04 AM 1

निंदा सुनकर तत्काल निर्णय न लें

दो विद्वानों का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के संबंध में किसी अन्य की बात सुनकर तत्काल निर्णय नहीं लेना चाहिए। निंदा करने वाले व्यक्ति अंततः अपने ही व्यवहार से उपहास का पात्र बन जाते हैं। इसलिए सत्य को समझना, परिस्थितियों को जानना और विवेकपूर्वक व्यवहार करना आवश्यक है।

अंत में आचार्यश्री ने कहा कि वात्सल्य का अर्थ केवल मीठी बातें करना नहीं, बल्कि निष्कपट प्रेम, सहयोग, सम्मान, करुणा और आत्मीयता के साथ जीवन जीना है। साधर्मियों के प्रति ईर्ष्या, द्वेष और छल-कपट छोड़कर एक-दूसरे के सुख-दुःख में सहभागी बनें। ऐसा वात्सल्य समाज को जोड़ता है, धर्म को मजबूत करता है और आत्मा को श्रेष्ठ भावों की ओर ले जाता है।

कुमकुम सोनी स्वराज वाणी न्यूज मे कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत है। इन्होंने स्नातक पत्रकारिता एवं जनसंचार से की है। यह विशेषतः राजनीति एवं भू-राजनीति से जुड़े मुद्दों का गहन विशलेषण कर सरल भाषा में आम जनता के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास करती है।… Read More

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp