Indore जिले में आबकारी विभाग का सघन अभियान
उपायुक्त और सहायक आयुक्त ने मैदानी अमले का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Indore । जिले में अवैध शराब के परिवहन, विक्रय एवं संग्रहण पर प्रभावी रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ वाहनों की जांच और आबकारी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में उपायुक्त आबकारी इंदर सिंह जामोद एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने मांगलिया टोल पहुंचकर मैदानी अमले द्वारा की जा रही नाकाबंदी एवं जांच कार्रवाई का निरीक्षण किया।

टोल नाके पर जांच व्यवस्था का लिया जायजा
अधिकारियों ने मौके पर तैनात आबकारी टीम की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों की जांच की व्यवस्था, नाकाबंदी की स्थिति और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के संबंध में जानकारी ली गई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मैदानी अमले को अवैध शराब के परिवहन एवं अन्य अनियमित गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही जांच कार्रवाई के दौरान सतर्कता बरतने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जिले में 8 टीमों की तैनाती
आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर जिले में 8 टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को जिले के विभिन्न टोल नाकों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान का उद्देश्य अवैध रूप से शराब के परिवहन, विक्रय और संग्रहण पर रोक लगाना है। इसके लिए संदिग्ध वाहनों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

शराब दुकानों और ढाबों का भी निरीक्षण
नाकाबंदी और वाहन जांच के साथ आबकारी विभाग की टीमें जिले में संचालित आबकारी दुकानों, बार, अन्य आबकारी केंद्रों एवं ढाबों का भी निरीक्षण कर रही हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में निर्धारित नियमों के पालन की जांच की जा रही है। विभाग द्वारा यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि आबकारी नियमों का उल्लंघन न हो और किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
