मिट्टी गणेश सिद्ध गणेश अभियान के तहत मनावर के ग्राम मोराड में छात्रों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। आशुतोष सोनी ने पर्यावरण हितैषी प्रतिमा निर्माण की विधि बताई।
मनावर में ‘मिट्टी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान का श्रीगणेश, छात्रों ने सीखा मिट्टी से बप्पा बनाना
माटी के बप्पा के संस्थापक आशुतोष सोनी ने दिया मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण
मनावर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता की दिशा में पहल करते हुए विकासखंड मनावर के ग्राम मोराड के पीएमश्री शासकीय विद्यालय में ‘मिट्टी गणेश–सिद्ध गणेश, घर-घर गणेश हर घर गणेश’ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण हितैषी मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने तथा गणेश उत्सव के दौरान प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
4 से 14 सितंबर तक चलेगा ‘मिट्टी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान
कार्यक्रम में जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक भुवान सिंह गेहलोत ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर जन अभियान परिषद द्वारा संपूर्ण मध्यप्रदेश में 4 सितंबर से 14 सितंबर तक यह अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में मोराड में मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ पारंपरिक कला एवं संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
POP की मूर्तियों का उपयोग नहीं करने के लिए किया प्रेरित
नवांकुर संस्था प्रतिनिधि सावन जाट ने कहा कि मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित कर विसर्जन करने से जलस्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव कम किया जा सकता है।
अभियान का उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनने वाली मूर्तियों का उपयोग नहीं करने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
आशुतोष सोनी ने सिखाई मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विधि
इस अवसर पर ‘माटी के बप्पा’ के संस्थापक आशुतोष सोनी ने प्रशिक्षण देते हुए मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विधि समझाई। उन्होंने प्रतिमा निर्माण में आवश्यक सामग्री, मिट्टी तैयार करने की प्रक्रिया तथा गणेश प्रतिमा को आकर्षक रूप देने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की प्रक्रिया सीखी तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
छात्र-छात्राओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
‘मिट्टी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान के तहत आयोजित प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने स्वयं मिट्टी से भगवान गणेश की प्रतिमा बनाने की प्रक्रिया को समझा और पर्यावरण हितैषी गणेश उत्सव मनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था प्रतिनिधि प्रवीण दास बैरागी, पीएम श्री हाई स्कूल मोराड के प्राचार्य प्रदीप मालवीय, अतुल श्रीवास्तव, स्कूल स्टाफ, राजाराम मुवेल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



