सड़क हादसों पर रोक के लिए ब्लैक स्पॉट सुधार पर जोर, सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
Damoh । जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (भापुसे) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति, उनके प्रमुख कारणों तथा दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) स्थलों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सड़क हादसों से जुड़े आंकड़े प्रस्तुत करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कलेक्टर श्री यादव ने निर्देश दिए कि जिले के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट का शीघ्र सुधार किया जाए। जहां आवश्यक हो वहां चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर, सड़क मार्किंग, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य सुरक्षा उपाय प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों की साझा जिम्मेदारी है।
बैठक में यातायात नियमों के प्रभावी पालन, ओवरस्पीडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाकर लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्टर सोनू अठया दमोह मध्य प्रदेश
