कम वर्षा से फसलों को नुकसान, बैतूल को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग
किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, प्रति हेक्टेयर 40 हजार रुपए मुआवजे की मांग
आठनेर। कम वर्षा के कारण किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। किसानों ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर बैतूल जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने और प्रति हेक्टेयर 40 हजार रुपए मुआवजा देने की मांग की है।
फसल उत्पादन प्रभावित, भारी आर्थिक नुकसान
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि कम बारिश से फसलों का उत्पादन प्रभावित हुआ है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। आगामी फसल को लेकर भी चिंता बनी हुई है, क्योंकि कुओं, तालाबों और डैम में पर्याप्त पानी नहीं है।

किसानों की प्रमुख मांगें
सूखे की स्थिति को देखते हुए किसानों ने ये मांगें रखी हैं:
- प्रति हेक्टेयर 40 हजार रुपए मुआवजा दिया जाए
- निजी और शासकीय बैंकों से कृषि कार्य के लिए लिए गए ऋण पर ब्याज माफ किया जाए
- सूखा घोषित होने के कारण बिजली कंपनियों के बकाया और आगामी बिल माफ किए जाएं
शासन से तत्काल राहत की अपील
ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों की आर्थिक और मानसिक परेशानी को देखते हुए शासन तत्काल राहत संबंधी निर्णय ले, ताकि किसानों को संकट से उबारा जा सके।
दैनिक स्वराज वाणी, आशीष ठाकरे
