उज्जैन में कल निकलेगी महाकाल की पंचम सवारी – पांच अद्भुत स्वरूपों में देंगे दर्शन, भव्य झांकियां और लोकनृत्य से गूंजेगा शहर
श्रावण/भाद्रपद माह में भगवान श्री महाकालेश्वर की परंपरागत सवारी के क्रम में पंचम सवारी कल सोमवार को भव्यता के साथ निकलेगी। इस बार श्रद्धालु बाबा महाकाल के पांच अद्भुत स्वरूपों के दर्शन करेंगे—
-
पालकी में श्री चन्द्रमौलेश्वर
-
गजराज पर श्री मनमहेश
-
गरुड़ रथ पर श्री शिवतांडव
-
नंदी रथ पर श्री उमा-महेश
-
डोल रथ पर श्री होल्कर स्टेट के मुखारविंद
भव्य शुरुआत और नगर भ्रमण
सवारी से पहले श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर का पूजन-अर्चन होगा। इसके बाद पालकी में विराजमान भगवान को मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल सलामी देगा। परंपरागत मार्ग—महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए सवारी रामघाट पहुंचेगी, जहां क्षिप्रा नदी के जल से भगवान का अभिषेक और पूजन होगा। इसके बाद सवारी रामानुजकोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार से होती हुई पुनः श्री महाकालेश्वर मंदिर लौटेगी।
चलित रथ और लाइव दर्शन की सुविधा
मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलित रथ की व्यवस्था की है, जिसके दोनों ओर एलईडी स्क्रीन पर सवारी का लाइव प्रसारण होगा। उज्जैन के अन्य क्षेत्रों—फ्रीगंज, नानाखेड़ा, दत्त अखाड़ा आदि में भी बड़े LED स्क्रीन पर दर्शन संभव होंगे।
लोकनृत्यों से गूंजेगा माहौल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप सवारी को और भव्य बनाने के लिए 4 जनजातीय एवं लोक नृत्य दल शामिल होंगे—
-
बैतूल से गोंड जनजातीय ठाट्या नृत्य
-
खजुराहो से कछियाई लोक नृत्य
-
दमोह से बधाई लोक नृत्य
-
डिंडोरी से गेंड़ी जनजातीय नृत्य
ये दल संस्कृति विभाग भोपाल, जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद और त्रिवेणी कला एवं पुरातत्व संग्रहालय के माध्यम से सहभागिता करेंगे।
धार्मिक झांकियों का आकर्षण
मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग धार्मिक पर्यटन की झांकियां भी पेश करेगा, जिनमें—
-
राजाराम लोक ओरछा
-
सर्वसिद्धि श्री मां बगलामुखी मंदिर
-
मां शारदा शक्तिपीठ मैहर
-
मां श्री बिजासन धाम सलकनपुर
की प्रतिकृतियां शामिल होंगी।
कल का दिन उज्जैन के लिए श्रद्धा, आस्था और संस्कृति का अद्वितीय संगम साबित होने वाला है।

