स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने नव नियुक्त 15 चिकित्सकों से की बैठक, कहा- नौकरी नहीं, जनसेवा का माध्यम बनाएं
सारंगपुर के सेवा सदन में हुआ संवाद, संसाधनों और दवाइयों की जानकारी ली, समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश
Sarangpur । कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के मंत्री और सारंगपुर विधायक डॉ. गौतम टेटवाल ने सेवा सदन कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर नव नियुक्त 15 चिकित्सकों के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने, नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
“चिकित्सक का कार्य पीड़ित मानवता की सेवा भी है”
डॉ. टेटवाल ने नव नियुक्त चिकित्सकों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य केंद्र ही उपचार का प्रमुख आधार होते हैं। हर चिकित्सक यह सुनिश्चित करे कि मरीजों को समय पर परामर्श, आवश्यक जांच और बेहतर उपचार मिले।
“स्वस्थ नागरिक ही विकसित मध्य प्रदेश की आधारशिला”
मंत्री ने कहा, “स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध समाज और विकसित मध्य प्रदेश की आधारशिला हैं। हमारी सरकार आमजन को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।” उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि सेवा को केवल नौकरी तक सीमित न रखें, बल्कि जनसेवा का माध्यम बनाएं। मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, समय पर उपलब्धता और जिम्मेदारी से उपचार उनकी प्राथमिकता हो, खासकर गरीब, जरूरतमंद और ग्रामीण मरीजों के लिए।

कार्यस्थलों की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
बैठक में डॉ. टेटवाल ने चिकित्सकों से उनके कार्यस्थलों की व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों, दवाइयों, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और कार्य के दौरान आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए विभागीय समन्वय और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
अंतिम पंक्ति तक पहुंचे स्वास्थ्य सेवा
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम कर आमजन का विश्वास मजबूत करना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त चिकित्सक अपने ज्ञान, अनुभव और सेवाभाव से सारंगपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाएंगे।
