मेरी आवाज़ ही पहचान है – भारत रत्न लता मंगेशकर का पुण्य स्मरण
नागदा, 28 सितंबर।
भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर का आज (28 सितंबर) पुण्य स्मरण एवं जन्मदिन है। यदि वे आज जीवित होतीं तो अपना 95वां जन्मदिन मना रही होतीं।
एक बार एक पत्रकार ने लता जी से पूछा था – “क्या आप अगले जन्म में भी लता मंगेशकर ही बनना चाहेंगी?” इस पर उन्होंने सहज भाव से उत्तर दिया – “अब लता मंगेशकर के रूप में दूसरा जन्म तो कम से कम मुझे नहीं चाहिए।” इस कथन के पीछे छिपा दर्द सोचने पर विवश करता है कि विश्वविख्यात होने के बावजूद उनके हृदय में कितनी पीड़ा थी।
लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में हुआ था। कई दशकों तक उन्होंने पार्श्व गायन के शीर्ष स्थान पर रहते हुए शास्त्रीय संगीत की बारीकियों से पूरी दुनिया को मंत्रमुग्ध किया। 6 फरवरी 2022 को उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली।
लता जी का विशेष संबंध झुंझुनूं जिले के खेतड़ी क्षेत्र से भी रहा। खेतड़ी के मूल निवासी और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. राजीव शर्मा को वे अपना छोटा भाई मानती थीं। करीब 35 वर्षों तक डॉ. शर्मा ने लता जी के फैमिली डॉक्टर के रूप में सेवा दी। हर वर्ष राखी पर वे उन्हें स्वयं राखी बांधतीं और उनके पारिवारिक आयोजनों में भी सम्मिलित होतीं।
डॉ. शर्मा के पिता भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे और उनके दादा पद्मश्री स्व. झाबर मल शर्मा पत्रकारिता जगत के भीष्म पितामह माने जाते थे। वर्तमान में डॉ. राजीव शर्मा मुंबई में निवासरत हैं और उनका कहना है कि लता दीदी का खेतड़ी से विशेष लगाव रहा। वे स्वामी विवेकानंद और खेतड़ी राजघराने के ऐतिहासिक संबंधों को गहराई से जानती थीं। उन्होंने 1980 में रामकृष्ण मिशन, खेतड़ी को स्वामी विवेकानंद का विशाल चित्र भी भेंट किया था, जो आज भी वहाँ विराजमान है।
इसी क्रम में प्रसिद्ध पार्श्व गायिका ऋचा शर्मा का भी लता जी से गहरा नाता रहा है। फिल्म ताल, बंटी और बबली, बाबुल और बागबान जैसी फिल्मों में अपनी आवाज़ का जादू बिखेर चुकी ऋचा शर्मा से मेरा पहला परिचय वर्ष 2008 में मुंबई में हुआ था। उनका लता जी से वही स्नेहिल रिश्ता रहा, जैसा मेरा डॉ. राजीव शर्मा जी और ऋचा दी से है।
आज के दिन, डॉ. राजीव शर्मा और ऋचा शर्मा की निर्मल भावनाओं के साथ ही हम सभी लता दीदी को जन्मदिन पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
– डॉ. सुरेन्द्र मीणा
(संवाददाता जीवन लाल जैन, नागदा की रिपोर्ट)

