राज्य स्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन:
बालक वर्ग में जनजातीय विभाग, बालिका वर्ग में शहडोल ने जीता खिताब
सिरोंज/सागर।
69वीं राज्य स्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन भव्य आयोजन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सांसद डॉ. लता वानखेडे, विधायक हरि सिंह सप्रे और पूर्व विधायक रूद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।
फाइनल मुकाबले में बालक वर्ग में जनजातीय विभाग की टीम ने इंदौर को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग में शहडोल ने भोपाल को पराजित कर विजयश्री प्राप्त की। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का उत्साह, दर्शकों की भारी उपस्थिति और आयोजन समिति की उत्कृष्ट व्यवस्थाएँ चर्चा का विषय बनीं।
सांसद डॉ. लता वानखेडे का संबोधन
समापन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. लता वानखेडे ने कहा:
👉 “खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होते। मैदान में उतरकर मेहनत और अनुशासन दिखाना भी सबसे बड़ी जीत है। हारने वाला भी विजेता है क्योंकि उसने खेल में अपना परिश्रम और जज्बा दिखाया।”
उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता सिर्फ खेल नहीं बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का उद्घोष है। सांसद ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा:
👉 “हौसलों की तरदिस में कोशिशों की तीर जिंदा रखो, जिंदगी में हार जाओ सब कुछ लेकिन दिल से जीतने की उम्मीद कायम रखो।”
डॉ. वानखेडे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों की सराहना की, जिनकी पहल से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं से हजारों बच्चे खेलों के माध्यम से प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
सांसद का स्वागत और क्षेत्रीय संवाद
समापन अवसर पर सांसद डॉ. लता वानखेडे का भाजपा वरिष्ठ नेता मान सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक वाहनों के काफिले के साथ जोरदार स्वागत किया गया। नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने फूल वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद विश्राम गृह में सांसद ने भाजपा कार्यकर्ताओं और अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहें और योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुँचे।


