नैनागिरि जैन तीर्थ पहुंचे SP Rajat Saklecha, चोरी की घटना पर लिया जायजा
ट्रस्ट कमेटी ने सौंपा मांगपत्र, विशेष जांच दल, सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस चौकी को थाना बनाने की उठाई मांग
घुवारा / (भरत सेठ घुवारा )
प्रसिद्ध जैन तीर्थ रेशंदीगिरि नैनागिरि में समवशरण जिनालय मंदिर में हुई चोरी की गंभीर घटना के बाद छतरपुर जिले के न्याय प्रिय पुलिस SP Rajat Saklecha बुधवार को नैनागिरि पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर प्रबंधन एवं पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी लेकर जांच की प्रगति की समीक्षा की तथा जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चोरी की वारदात को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने तीर्थक्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने जलाशय के मध्य स्थित दोनों मंदिरों, पर्वत पर स्थित मंदिर समूह, तलहटी के मंदिर परिसर तथा धर्मशाला क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर श्री दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र रेशंदीगिरि नैनागिरि ट्रस्ट कमेटी के मंत्री राजेश जैन रागी ने पुलिस अधीक्षक को मांगपत्र सौंपते हुए अब तक हुई सभी चोरियों की जांच के लिए विशेष पुलिस दल गठित करने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, तीर्थक्षेत्र की स्थायी सुरक्षा व्यवस्था तथा वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए नैनागिरि पुलिस चौकी को थाना में उन्नत कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की।
ट्रस्ट कमेटी के मंत्री राजेश जैन रागी ने बताया कि पिछले लगभग 15 वर्षों से तीर्थक्षेत्र में समय-समय पर चोरी की गंभीर घटनाएं होती रही हैं। उन्होंने क्षेत्र का संक्षिप्त परिचय देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
गौरतलब है कि 6-7 जुलाई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर समवशरण जिनालय में रखे दानपात्र के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ले गए थे। साथ ही मंदिर में विराजमान प्रतिष्ठित प्रतिमाओं की चोरी का प्रयास भी किया गया, जो असफल रहा। इस घटना के बाद जैन समाज में गहरा आक्रोश है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग लगातार उठ रही है।
