नई दिल्ली।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल की शादी, जो 23 नवंबर को होनी थी, स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई।
पिता की तबीयत खराब, शादी टली
शादी के दिन ही स्मृति के पिता की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके चलते परिवार ने शादी स्थगित करने का फैसला लिया। इस बीच सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैलीं, जिनमें पलाश मुच्छल पर स्मृति को धोखा देने का भी दावा किया गया। हालांकि, इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

खुशखबरी यह है कि स्मृति के पिता अब अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं और उनकी तबीयत स्थिर है।
पलाश मुच्छल की मां ने दी जानकारी
पलाश की मां अमिता मुच्छल ने मीडिया को बताया कि सब कुछ योजना के अनुसार होगा। उन्होंने कहा कि पलाश और स्मृति दोनों ही स्थिति को लेकर परेशान थे और शादी की तैयारी पूरी हो चुकी थी।
“पलाश का स्मृति के पिता से बहुत गहरा रिश्ता है। जब उनकी तबीयत खराब हुई, तब पलाश ने शादी स्थगित करने का फैसला किया। अब वे ठीक हो रहे हैं, और सब कुछ योजना अनुसार आगे बढ़ेगा।”
अमिता ने बताया कि हल्दी की रस्म के बाद पलाश बहुत तनाव में था और उन्हें चार घंटे अस्पताल में रखना पड़ा। ईसीजी और IV ड्रिप की जांच के बाद उनकी स्थिति सामान्य पाई गई।
स्मृति मंधाना की आईसीसी वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका
स्मृति मंधाना भारतीय टीम का हिस्सा थीं, जिसने 2 नवंबर को साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीता। टूर्नामेंट में उनकी बल्लेबाजी शानदार रही, और फाइनल में शेफाली वर्मा के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
खिताब जीतने के बाद पलाश मुच्छल भी मैदान पर जश्न मनाते हुए नजर आए थे।
अफवाहों के बीच अब सब कुछ सामान्य
अमिता मुच्छल ने साफ किया कि अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है और परिवार जल्द ही शादी को अंजाम देगा। उन्होंने कहा,
“सब कुछ प्लान के अनुसार होगा और शादी जल्द ही होगी।”
